1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी ने चंडीगढ़ को दी 4,700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, बोले- भारत के विकास का मॉडल है यह राज्य
पीएम मोदी ने चंडीगढ़ को दी 4,700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, बोले- भारत के विकास का मॉडल है यह राज्य

पीएम मोदी ने चंडीगढ़ को दी 4,700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, बोले- भारत के विकास का मॉडल है यह राज्य

0
Social Share

चंडीगढ़, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत के लिए विकास का एक मॉडल है। एनडीए सरकार ने हमेशा चंडीगढ़ के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है।

व्यवस्थित विकास और बेहतर जीवनशैली की पहचान

पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ व्यवस्थित विकास, बेहतर जीवनशैली और उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाओं के लिए जाना जाता है। शहर की पहचान आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ मां चंडी के आशीर्वाद से भी जुड़ी है। चंडीगढ़ का विकास हमेशा एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है।

भारतीय न्याय संहिता की शुरुआत चंडीगढ़ से हुई

उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ वर्ष पहले देश की न्याय व्यवस्था में बड़ा सुधार करते हुए दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता लागू की गई। उन्होंने बताया कि न्याय आधारित इस नई व्यवस्था की शुरुआत चंडीगढ़ से ही हुई थी।

स्मार्ट सिटी मिशन से बदली शहर की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी कई परियोजनाओं के माध्यम से चंडीगढ़ को हाईटेक बनाने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि इन पहलों पर 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

पूरे क्षेत्र के लिए चिकित्सा और विकास का केंद्र

पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ वस्तुतः हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोगों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। शहर के विकास का लाभ केवल स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के नागरिकों को विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसका फायदा मिलता है।

स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियां गिनाईं

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में करोड़ों शौचालय बनाए गए, खुले में शौच की समस्या को समाप्त करने की दिशा में काम हुआ और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के लिए व्यापक अभियान चलाए गए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत रैंकिंग भी इसी प्रयास का हिस्सा है और चंडीगढ़ लगातार बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करता रहा है।

‘ब्रूम वॉरियर’ इंदरजीत सिंह सिद्धू की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने चंडीगढ़ के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ‘ब्रूम वॉरियर’ के रूप में स्वच्छता के प्रति लोगों में नई जागरूकता पैदा की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सरकार ने उन्हें इस वर्ष पद्म सम्मान से सम्मानित किया है। स्वच्छता कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है।

शिक्षा और नवाचार का बड़ा केंद्र बनेगा चंडीगढ़

पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ उन चुनिंदा शहरों में शामिल है, जहां शिक्षा, इंजीनियरिंग, चिकित्सा विज्ञान और शोध से जुड़े प्रमुख संस्थान एक साथ मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यही संस्थान नई प्रौद्योगिकी, हेल्थकेयर, स्टार्टअप और नवाचार के बड़े केंद्र के रूप में उभरेंगे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code