IT सेक्टर की अगुआई में शेयर बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 262 अंक मजबूत
मुंबई, 17 जुलाई। मध्य पूर्व में जारी तनातनी के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेक्टर की अगुआई में रिलायंस इंडस्ट्रीज व बैंकिंग शेयरों में भी अच्छी खरीदारी से कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार ने रफ्तार पकड़ी और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 965 अंकों की छलांग से जहां 78,000 के पार पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी 262 अंकों की बढ़त लेकर रुका।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद घरेलू स्तर पर प्रमुख कम्पनियों के अनुकूल तिमाही नतीजों और आईटी कम्पनियों में लिवाली आने से निवेशक धारणा को समर्थन मिला। हालांकि व्यापक बाजार में नकारात्मक रुझान रहा।
सेंसेक्स 964.58 अंक उछलकर 78,151.45 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 964.58 अंक यानी 1.25 प्रतिशत उछलकर 78,151.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,095.68 अंक चढ़कर 78,282.55 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो छह में कमजोरी रही।
निफ्टी 261.55 अंक बढ़कर 24,334.30 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 261.55 अंक यानी 1.09 प्रतिशत बढ़कर 24,334.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के शेयर मजबूत रहे तो 13 में कमजोरी दिखी।
हालांकि व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों के बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.32 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.07 प्रतिशत की नरमी रही।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो निजी बैंक सचूकांक 1.81 प्रतिशत चढ़ गया जबकि शीर्ष 10 बैंक खंड में 1.78 प्रतिशत, आईटी खंड में 1.38 प्रतिशत और वित्तीय सेवा खंड में 1.20 प्रतिशत की तेजी रही।
टेक महिंद्रा का शेयर 3.91 प्रतिशत उछला
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टेक महिंद्रा का शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद करीब 3.91 प्रतिशत उछला। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज का भी शेयर तिमाही नतीजों की घोषणा के पहले करीब तीन प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, ट्रेंट, भारती एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट नुकसान में रहे।
एफआईआई ने 4,205.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 4,205.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच 1.79 प्रतिशत चढ़कर 85.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
