दुनिया के महानतम हरफनमौला क्रिकेटरों में एक पूर्व कैरेबियाई कप्तान सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन

ब्रिजटाउन (बारबेडोस), 17 जुलाई। क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान सर गारफील्ड सोबर्स का शुक्रवार को यहां 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इस दिग्गज क्रिकेटर के निधन की पुष्टि उनके बेटे डैनियल ने की। सर गैरी सोबर्स ने अपने 90वें जन्मदिन से सिर्फ 10 दिन पहले इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर से वैश्विक खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

दो दशक के टेस्ट करिअर में 93 टेस्ट मैच खेले

क्रिकेट की दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में एक सर सोबर्स ने मार्च 1954 से अप्रैल 1974 के बीच 93 टेस्ट मैच खेले और 57.78 के औसत से 8,032 रन बनाए। इनमें 26 शतक और 30 अर्धशतक शामिल थे।

26 शतक सहित 8,032 रन बनाए और 235 विकेट झटके

वामहस्त बल्लेबाज और बाएं हाथ के ही मीडियम पेसर सोबर्स ने टेस्ट क्रिकेट में 235 विकेट लिए। इसके अलावा मैदान पर अपनी चीते जैसी फुर्ती से उन्होंने 109 कैच भी पकड़े। हालांकि उन्होंने सिर्फ एक वनडे मैच खेला, जिसमें एक विकेट लिया।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज

सर गैरी सोबर्स की खासियत यह थी कि वह एक ही समय में विश्वस्तरीय बल्लेबाज, घातक तेज गेंदबाज, बेहतरीन स्पिनर और एक कमाल के फील्डर थे। वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी थे। उन्होंने 1968 में ग्लेमॉर्गन के खिलाफ नॉटिंघमशर के लिए खेलते हुए यह कारनामा किया था।

16 वर्ष की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण

बारबेडोस के ब्रिजटाउन में 28 जुलाई, 1936 को जन्मे सोबर्स की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 16 वर्ष की उम्र में वर्ष 1953 में बारबेडोस के लिए अपना प्रथम श्रेणा क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनकी इस अनोखी और जादुई प्रतिभा को सेलेक्टर्स ने तुरंत पहचाना और इसके ठीक अगले ही साल यानी 1954 में उन्हें वेस्टइंडीज की नेशनल टीम से टेस्ट डेब्यू करने का सुनहरा मौका मिल गया।

करिअर का पहला ही टेस्ट शतक नाबाद 365 रनों की ऐतिहासिक पारी में तब्दील

देखा जाए तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद सोबर्स को अपना लोहा मनवाने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। वर्ष 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए सोबर्स ने अपने टेस्ट करिअर का पहला शतक जड़ा, जो आगे चलकर नाबाद 365 रनों की एक ऐतिहासिक पारी में तब्दील हो गया।

ब्रॉयन लारा ने 36 वर्षों बाद तोड़ा था सोबर्स का सर्वोच्च निजी स्कोर का विश्व रिकॉर्ड

टेस्ट की एक पारी में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का यह विश्व रिकॉर्ड अगले 36 वर्षों तक कोई नहीं छू सका, जिसे आखिरकार साल 1994 में वेस्टइंडीज के ही महान बल्लेबाज ब्रॉयन लारा ने तोड़ा था।

RELATED ARTICLES

Most Popular