केशव मौर्य का अखिलेश पर तीखा हमला, कहा- ‘राम भक्त बनने का दिखावा छोड़ें, कृष्ण जन्मभूमि पर भी रखें राय’
लखनऊ, 17 जुलाई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो उन्हें मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि के पास स्थित ईदगाह के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। केशव मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव केवल राम भक्त बनने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें वास्तव में कृष्ण भक्ति दिखानी है तो मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति छोड़कर ईदगाह हटाने की बात करनी चाहिए।
ज्ञानवापी का भी किया जिक्र
केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कॉरिडोर का निर्माण हो चुका है, लेकिन मंदिर के पास स्थित एक ढांचे का मामला अभी भी लंबित है। उन्होंने बिना नाम लिए ज्ञानवापी परिसर की ओर संकेत करते हुए दावा किया कि जिस तरह अयोध्या में राम मंदिर बना, उसी तरह वाराणसी में भी भगवान विश्वनाथ का भव्य मंदिर बनेगा।
सपा का पलटवार, राज्यपाल से की कार्रवाई की मांग
मौर्य के बयान पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। सपा के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मामला अदालत में लंबित है, ऐसे में उपमुख्यमंत्री का इस तरह का बयान देना संवैधानिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से मांग की कि संवैधानिक पद पर रहते हुए न्यायालय में विचाराधीन मामले पर टिप्पणी करने के लिए केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
‘हार की खीझ निकाल रहे हैं’
मनोज राय धूपचंडी ने यह भी आरोप लगाया कि केशव प्रसाद मौर्य सिराथू विधानसभा चुनाव में मिली हार की निराशा में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
