जापान ओपन : पीवी सिंधु पहली बार सेमीफाइनल में, जापानी शटलर ओकुहारा चोट के चलते हटीं

टोक्यो, 17 जुलाई। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता शीर्ष भारतीय शटलर पीवी सिंधु शुक्रवार को टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में कोर्ट पर उतरने बिना जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में पहुंच गईं, जब क्वार्टर-फाइनल से ठीक पहले पूर्व विश्व चैम्पियन जापानी नोजोमी ओकुहारा ने चोट के कारण हटने का फैसला कर लिया।

15 वर्षों बाद जापान ओपन में दोहराया इतिहास

दिलचस्प यह है कि नोजोमी के वॉकओवर से सिंधु अपने करिअर में पहली बार इस टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचीं। इसके साथ ही 31 वर्षीय सिंधु 15 वर्षों में जापान ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला सिंगल्स खिलाड़ी भी बन गईं। इससे पहले 2011 में साइना नेहवाल अंतिम चार में पहुंची थीं।

मौजूदा सत्र में शानदार वापसी का सिलसिला जारी

देखा जाए तो सेमीफाइनल में प्रवेश सिंधु के शानदार वापसी वाले सत्र में एक और उपलब्धि है। 2026 की शुरुआत में विश्व नंबर 18 की रैंकिंग से शुरू करने के बाद BWF विश्व टूर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत वह टॉप 10 में वापस आ गई हैं और अभी नौवें नंबर पर हैं।

मलेशिया व ऑस्ट्रेलिया के बाद चालू सत्र का तीसरा सेमीफाइनल

खास बात यह भी है कि सिंधु ने करीब तीन वर्षों में पहली बार किसी सुपर 750 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। इसके पहले वह 2023 डेनमार्क ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंची थी। वैसे मौजूदा सत्र में सिंधु का यह तीसरा सेमीफाइनल है। वह मलेशिया ओपन सुपर 1000 और ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 में भी अंतिम चार में पहुंची थीं।

ओकुहारा के हटने से फायदा मिलने से पहले सिंधु ने राउंड ऑफ 16 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व नंबर पांच चीनी स्टार हान यू को सिर्फ 35 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया था। लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की डबल्स जोड़ी के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद सिंधु अब टोक्यो में भारत की एकमात्र बची हुई दावेदार हैं।

चेन यूफेई से एक जबर्दस्त सेमीफाइनल का इंतजार

सिंधु का अगला मुकाबला विश्व रैंकिंग में चौथे नंबर पर काबिज टोक्यो ओलम्पिक चैम्पियन चीनी स्टार चेन यूफेई से होगा, जो एक हाई-प्रोफाइल सेमीफाइनल होने की उम्मीद है। चेन ने दक्षिण कोरिया की सिम यू जिन पर 21-10, 21-12 की शानदार जीत के साथ अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में चीनी शटलर 8-6 से आगे

वैसे देखा जाए तो हेड-टू-हेड रिकॉर्ड चीनी शटलर के पक्ष में है, जो 8-6 से आगे हैं और उन्होंने पिछले पांच मुकाबलों में जीत हासिल की है। चेन के खिलाफ सिंधु की अंतिम जीत 2019 BWF विश्व चैम्पियनशिप में हुई थी, जहां उन्होंने अपना पहला विश्व खिताब जीता था।

RELATED ARTICLES

Most Popular