लखनऊ, 26 सितम्बर। बंगाल की खाड़ी में बड़े निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश और तूफानी हवाओं ने शुक्रवार रात से शनिवार तक भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग जिलों में पेड़, कच्ची दीवार और मकान गिरने से अब तक 42 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। अवध क्षेत्र में जहां 23 लोगों की जान गई है वहीं बुंदेलखंड और मध्य यूपी में आठ लोगों मरने की खबर है। ब्रज में एक, वाराणसी में दो और गोरखपुर-बस्ती मंडल में आठ लोगों की मौतें हुई हैं।
बुंदेलखंड और मध्य यूपी में आठ जानें गईं
बुंदेलखंड में मध्य यूपी में शुक्रवार को वर्षा जनित हादसों में एक मासूम समेत आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें से बुंदेलखंड में पांच और मध्य यूपी के तीन लोग शामिल हैं। इसके अलावा तीन दर्जन से अधिक मवेशियों की भी जान चली गई। वहीं कई कच्चे मकान धराशायी हो गए।

पूरे ब्रज में जनजीवन बेहाल
पूरे ब्रज में मौसम बिगड़ने से जनजीवन बेहाल है। 24 घंटे से बारिश के चलते मैनपुरी में आधा दर्जन से अधिक कच्चे मकान गिर गए। दन्नाहार में एक मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बिजली के 100 से अधिक पोल टूटे हैं।
वाराणसी में पेड़ और दीवार गिरने से दो की मौत
वाराणसी शुक्रवार रात से तेज हवा के साथ हो रही रुक-रुककर बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक जलभराव की स्थिति बन गई है। पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। कई क्षेत्रों में बिजली के तार और पोल गिर गए। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वाराणी में सुबह से 68 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। 19.8 एमएम बारिश हुई है। अधिकतम 27 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में भी 8 मौतें
गोरखपुर-बस्ती मंडल में भी गुरुवार-शुक्रवार को दिनभर और रात में बारिश के बाद शनिवार सुबह से बारिश झड़ी लगी हुई है। आंधी से जगह-जगह पेड़ और पोल गिर गए। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हो गए।
बहराइच में 5 लोगों की मौत : तूफानी हवाओं के साथ हुई भारी बारिश में कई मकान और पेड़ गिर गए। चार लोगों की मौत के साथ दीवार गिरने से एक बच्चे की भी जान गई। सड़क पर गिरे पेड़ और पोल से टकराने से भी हादसे हुए। हजारों पेड़ गिरने से पूरे जिले में बिजली ठप है और ब्लैकआउट जैसे हालात हैं।

सीतापुर के हरगांव और महमूदाबाद में बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से अलग-अलग हादसों में बुजुर्ग और बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई। लगातार बारिश से कच्चे मकानों पर खतरा बना हुआ है।
अयोध्या में भी अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई। पूराकलंदर में कार पर पेड़ गिरने से आधा दर्जन लोग घायल हुए। बाराबंकी के फतेहपुर, रामसनेहीघाट और मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्रों में पेड़ और मकान गिरने से महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई।
वहीं बलरामपुर में दो लोगों की मौत हुई और 11 घर धराशायी हो चुके हैं जबकि गोंडा में दो युवकों की मौत: धानेपुर थाना क्षेत्र के राजापुर मुरावन गांव के पास बाइक सवार बलरामपुर निवासी इमरान (35) और खालिद (33) पर अचानक पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। दोनों की मौके पर मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल भी हुए। अमेठी व श्रावस्ती में भी एक-एक मौत की सूचना है।


