नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने पिछले माह फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले की जांच के लिए मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। FIR विमान अपहरण रोधी अधिनियम, 2016 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
अधिकारियों ने एनआईए द्वारा नौ अक्टूबर को दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि भारतीय नागरिक पायलट मच्छार पर 30 सितम्बर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में उनके सह-पायलट ने कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह हमला कथित तौर पर विमान का अपहरण करने या उसे दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के तहत किया गया था।
विमान में 174 यात्री व 6 क्रू मेंबर सवार थे
फिलहाल अब इस मामले की जांच एनआईए भी करेगी। अब तक इजराइल और दुबई की जांच एजेंसिया इसकी जांच कर रही थीं। गत 30 सितम्बर को फ्लाईदुबई की विमान संख्या FZ1073 में जिस वक्त यह घटना घटी थी, उस वक्त 174 पैसेंजर और छह क्रू मेंबर विमान में सवार थे।
इजराइल के सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किए जाएंगे कैप्टन मच्छार
उल्लेखनीय है कि इजराइल के वर्तमान राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को देश का सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है। मच्छार ने फ्लाईदुबई के एक विमान के कॉकपिट में अपने सह-पायलट के हमले का बहादुरी से मुकाबला किया था। उनके इसी साहस के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इजराइली राष्ट्रपति हर्जोग ने 6 लोगों को नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया
इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इसी क्रम में गुरुवार को छह लोगों को नागरिक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। ये सभी लोग 30 सितम्बर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में सवार थे। यरूशलम में राष्ट्रपति आवास पर आयोजित समारोह में इसाक हर्जोग ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आज जिन इजराइली नायकों को सम्मानित किया जा रहा है, उनके साथ वह कैप्टन स्मित मच्छार के स्वस्थ होने की भी दिल से कामना करते हैं।
राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और काम के प्रति उनकी जिम्मेदारी ने एक बड़े हादसे को टालने में मदद की। उन्होंने कहा कि स्मित के ठीक होने के बाद उन्हें इजराइल की ओर से नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति ने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म’ इजराइल का वीरता के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।


