नई दिल्ली, 21 सितम्बर। भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन इस बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर (पूर्व में नाम केवड़िया) में किया जा रहा है। इससे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का दायरा देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने की पहल को बल मिलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को आयोजित समारोह में पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
उल्लेखनीय है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आगामी वर्षों में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय सिनेमा के उत्सव को विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के करीब लाने के साथ देश की सांस्कृतिक और सिनेमाई विविधता को सामने लाना है।
🎬The Wait Is Over: 72nd National Film Awards Set to Celebrate the Best of Indian Cinema on 22 September
🎬From Delhi to Ekta Nagar: 72nd National Film Awards Mark the Beginning of a New Journey Across States
🎬Anant Nag to Receive Dadasaheb Phalke Award for 2024 for His… https://t.co/HxFKEFPfLQ
— PIB India (@PIB_India) September 21, 2026
इसी कड़ी में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के अवसर पर फिल्म निर्माता, अभिनेता, तकनीशियन और भारतीय फिल्म जगत से जुड़े अन्य सदस्य एकता नगर में जुटेंगे। समारोह में वर्ष 2024 की सिनेमाई उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ भारतीय सिनेमा की विविधता और रचनात्मकता का उत्सव मनाया जाएगा। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वर्ष 2024 के लिए विजेताओं की घोषणा इसी वर्ष 18 जुलाई को तीनों जूरी के अध्यक्षों द्वारा की गई थी।
भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल
वर्ष 1954 में स्थापित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल हैं। ये पुरस्कार फीचर फिल्मों, गैर-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देते हैं। पुरस्कारों के जरिए देश की विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और फिल्म निर्माण की विविध शैलियों को सम्मानित किया जाता है। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, गैर-फीचर फिल्म, वृत्तचित्र, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री समेत विभिन्न श्रेणियों में भी विजेताओं को सम्मानित किया जाता है।

अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
इस बार भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2024 का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को प्रदान किया जाएगा। पांच दशक से अधिक लंबे करिअर में अनंत नाग ने अपने विविधतापूर्ण अभिनय के जरिए कन्नड़ सिनेमा के साथ-साथ भारतीय सिनेमा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह पुरस्कार उनकी लंबी कलात्मक यात्रा और भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत में उनके योगदान को रेखांकित करता है।

‘आर्टिकल 370’ सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में देशभर की फिल्मों, कलाकारों और तकनीकी एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म और ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार दिया जाएगा।

ममूटी व कार्तिक आर्यन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, यामी गौतम सर्वश्रेष्ठ हीरोइन
अभिनय श्रेणी में ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में चुना गया है। वहीं, ‘आर्टिकल 370’ के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

रणदीप हुडा को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार
फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए रणदीप हुडा को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अलावा भारतीय सिनेमा की विविधता और समृद्धि को दर्शाने वाली कई अन्य फिल्मों और कलाकारों को भी अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
‘कल्कि 2898 एडी’ समेत कई फिल्मों को सम्मान
‘कल्कि 2898 एडी’, ‘आमरण’, ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘स्त्री 2’ समेत कई फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त होंगे। इन पुरस्कारों के जरिए अलग-अलग भाषाओं और फिल्म शैलियों में काम करने वाले कलाकारों और तकनीशियनों के योगदान को पहचान मिलेगी।


