लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर भाजपा मुख्यालय में हवन, अमित शाह-नितिन नवीन ने दी बधाई

नई दिल्ली, आठ नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में विशेष पूजा और हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हवन में हिस्सा लिया। सभी ने एलके आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के जरिए पार्टी नेताओं ने अपने वरिष्ठ नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। नितिन नवीन ने अपने संदेश में लिखा, ‘भारत रत्न से सम्मानित, देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और हम सभी के मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’

भाजपा अध्यक्ष ने एक वीडियो संदेश में भी एलके आडवाणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आडवाणी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने भाजपा को एक अलग पहचान वाली पार्टी बनाया है। नितिन नवीन ने कहा कि एलके आडवाणी ने अपने कार्यकाल में पार्टी के भीतर नेतृत्व की एक मजबूत टीम तैयार की। आज वही नेतृत्व न केवल पार्टी का संचालन कर रहा है, बल्कि देश का नेतृत्व भी कर रहा है।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में आडवाणी को राष्ट्र सेवा का प्रतीक, भाजपा का शिल्पकार और सिद्धांतों पर चलने वाला राजनेता बताया।

अमित शाह ने लिखा कि आडवाणी 99 वर्ष पूरे कर अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर भाजपा के संस्थापक सदस्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के उप प्रधानमंत्री तक का उनका सफर सार्वजनिक जीवन में सेवा और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का जीवंत उदाहरण है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular