मुंबई, 21 सितम्बर। संयुक्त राष्ट्र (UN) में अमेरिका व ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की नई उम्मीद तथा कच्चे तेल की कीमतों व बॉण्ड प्रतिफल में गिरावट से निवेशकों के सकारात्मक रुख का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा और कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को दोनों मानक सूचकांक हरे निशान पर रुके। इनमें बीएसई सेंसेक्स जहां 564 अंक उछला वहीं एनएसई निफ्टी में लगातार चौथे दिन तेजी रही।
सेंसेक्स 0.76% चढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 692.44 अंक चढ़कर 74,987.40 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर बढ़त पर रहे तो छह में कमजोरी दिखी।
67.90 अंक चढ़कर 23,414.30 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी लगातार चौथे दिन बढ़त पर रहा 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 23,414.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 30 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 20 में गिरावट दर्ज की गई।
अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 4.11% चढ़ा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 4.11 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा, एचसीएल टेक, इटर्नल, टाइटन, आईटीसी और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, इन्फोसिस और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं।
व्यापक बाजार में मिश्रित परिणाम देखने को मिला। मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.35 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कम्पनियों से संबंधित स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.05 प्रतिशत नीचे आया।


