1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. हरियाणा में बदलाव : खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी नए मुख्यमंत्री, शाम 5 बजे होगा शपथग्रहण  
हरियाणा में बदलाव : खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी नए मुख्यमंत्री, शाम 5 बजे होगा शपथग्रहण   

हरियाणा में बदलाव : खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी नए मुख्यमंत्री, शाम 5 बजे होगा शपथग्रहण  

0
Social Share

नई दिल्ली, 12 मार्च। हरियाणा में मंगलवार को अचानक हुए राजनीतिक घटनाक्रम के तहत पूरी कैबिनेट सहित सीएम मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के कुछ देर बाद ही भाजपा विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को नया नेता चुन लिया गया। विधायक दल की बैठक में खट्टर ने खुद नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा। सैनी अब शाम पांच बजे हरियाणा के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सैनी ने राज्यपाल से मिलकर पेश किया दावा

हरियाणा बीजेपी विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा ने बताया कि नायब सिंह सैनी हरियाणा के अगले सीएम होंगे। इसी क्रम में खट्टर सहित अन्य नेताओं के साथ नायब सिंह सैनी राजभवन पहुंचे और राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के पास हरियाणा में 41 विधायक हैं जबकि बहुमत के लिए 46 विधायकों का समर्थन चाहिए। छह निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है। ऐसे में भाजपा के पास आंकड़ा 47 हो जाता है।

सैनी हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र से सांसद हैं

नायब सिंह सैनी फिलहाल हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कुरुक्षेत्र से सांसद भी हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें छह महीने के अंदर विधानसभा चुनाव जीतना होगा। हालांकि छह महीने के अंदर ही हरियाणा में विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान ही चुनाव लडेंगे और उपचुनाव नहीं होंगे।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में जब 2014 में भाजपा ने पहली बार सरकार बनाई थी तब मनोहर लाल खट्टर को सीएम चुना गया था। मनोहर लाल खट्टर गैर जाट मुख्यमंत्री बने थे। वह भजनलाल के बाद गैर जाट मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता थे। इसका फायदा भी भाजपा को हुआ क्योंकि लोकसभा चुनाव में गैर जाट वोट एकजुट हुआ और भाजपा को जीत मिली।

खट्टर के विश्वासपात्र माने जाते हैं ओबीसी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सैनी

नायब सिंह सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं और पिछले वर्ष उन्हें भाजपा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। सैनी को मनोहर लाल खट्टर का विश्वासपात्र माना जाता है और उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव भी है।

साढ़े 9 वर्षों तक सीएम रहे खट्टर

मनोहर लाल खट्टर पिछले साढ़े नौ वर्षों से हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने मनोहर लाल खट्टर की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, ‘जब मैं हरियाणा में काम करता था, तब खट्टर स्कूटर चलाते थे और मैं पीछे बैठता था।’

 

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code