Site icon Revoi.in

मप्र : उमा भारती के करीबी भाजपा नेता की अवैध संपत्ति पर चला ‘मामा का बुलडोजर’

Social Share

सतना, 30 अप्रैल। मध्य प्रदेश में ‘मामा का बुलडोजर’ रुकने का नाम नहीं ले रहा। क्या आम और क्या खास, सभी की अवैध इमारतों को जमींदोज किया जा रहा है। सतना में भाजपा नेता और पार्टी के पूर्व कार्यसमिति सदस्य मनसुख पटेल की करीब 10 एकड़ की अवैध प्लॉटिंग पर भी मामा का बुलडोजर चला दिया गया। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने इस अवैध प्लॉटिंग को तहस-नहस कर दिया। प्लॉटिंग में 3 मकान भी बने थे, जिन्हें जेसीबी के जरिए मिट्टी में मिला दिया गया। इस अवैध प्लॉटिंग में मनसुख पटेल के साथ दो और कारोबारियों की पार्टनरशिप है।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम ने कृपालपुर में 10 से 11 एकड़ की अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चला दिया। यह प्लॉटिंग भाजपा नेता मनसुख पटेल और 2 अन्य हिस्सेदारों ने कर रखी थी। गौरतलब है कि जब नगर निगम एक सप्ताह पूर्व अन्य अवैध प्लॉटिंग को तहस-नहस कर रहा था तो भाजपा नेता ने खुद अपनी प्लॉटिंग की सड़क को खुदवा दिया था। इसके बावजूद नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में अवैध प्लॉटिंग और उस पर बने 3 मकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।

नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी रमाकांत शुक्ला ने कहा कि यह 11 एकड़ की जमीन आराजी है। यहां पर हो रही प्लॉटिंग में मनसुख पटेल और अन्य पार्टनर हैं। हमारी अवैध कॉलोनी शाखा द्वारा उन सबको नोटिस जारी की गई थी। यहां 3 मकान बने थे, 2 मकान विजय मुरारका के नाम से और 1 मकान संजय तिवारी का है।

आपको बता दें कि मनसुख पटेल भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती की समर्थक माने जाते हैं। पटेल ने साल 2005 में भाजपा से निष्कासित होने के बाद 2006 में अलग दल का गठन किया था। नए दल भारतीय जनशक्ति पार्टी में मनसुख भी शामिल हुए थे और उमा की पार्टी की टिकट पर 2008 में सतना विधानसभा से चुनाव भी लड़ा था।