Homeअपराधबिहार में फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार : खुद को बताया NSA अजित...

बिहार में फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार : खुद को बताया NSA अजित डोभाल का अंडरकवर एजेंट

खगड़िया (बिहार), 10 अगस्त। बिहार के खगड़िया जिले में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताने और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल से संबंध होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसने कथित तौर पर NSA अजीत डोभाल के अंडरकवर एजेंट के तौर पर काम करने का दावा किया था।

Tesla कार और विदेशी शराब सहित करोड़ों की संपत्ति जब्त

खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (SP) भानु प्रताप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने फर्जी IAS के पास 100 करोड़ से अधिक की प्रॉपर्टी मिली है। उसके घर से 31 लीटर से अधिक विदेशी शराब, टेस्ला कार और अन्य कीमती सामान बरामद किया है।

जमालपुर निवासी मनीष गुप्ता के रूप में हुई आरोपित की पहचान

एसपी के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी मनीष गुप्ता के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर बिहार के विभिन्न हिस्सों में धोखाधड़ी करता था। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने गुप्ता के ठिकाने पर छापेमारी की। फिर रविवार नौ अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘पूछताछ के दौरान मनीष गुप्ता ने केंद्रीय सतर्कता आयोग का एक कार्ड दिखाया और दावा किया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के अधीन एक गुप्त एजेंट के रूप में काम करता है। उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाला एक पहचान पत्र भी दिखाया। लेकिन प्रारंभिक जांच में उसके सभी दावे फर्जी पाए गए।’

पुलिस ने आरोपित के घर से 31 लीटर से अधिक विदेशी शराब, बड़ी मात्रा में बीयर, एक टेस्ला कार (जिस पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था) एक टाटा सफारी, पांच आईफोन, 20 क्रेडिट कार्ड, आठ डेबिट कार्ड, चार चेकबुक और अन्य सामान बरामद किए।

बारहसिंगा (दलदली हिरण) के दो सींग भी बरामद

एसी भानु प्रताप ने बताया, ‘एफएसडी सुविधा से लैस टेस्ला कार भारत में दुर्लभ है। हमने बारहसिंगा (दलदली हिरण) के दो सींग भी बरामद किए हैं, जिनका रखना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय है।’ उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपित की संपत्ति की जांच कर रही है। इस काम में बिहार पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट (EOU) समेत अन्य जांच एजेंसियों की मदद ली जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments