भारत में कोरोना संकट : लगातार दूसरे दिन 30 हजार से ज्यादा नए संक्रमित, रिकवरी दर में सुधार

नई दिल्ली, 17 सितम्बर। कोविड-19 से संघर्ष के बीच लगातार तीसरे दिन नए संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली और गुरुवार को देशभर में 34,403 नए केस पाए गए। यह लगातार दूसरा दिन था, जब नए मामलों की संख्या 30 हजार से ज्यादा दर्ज की गई। इस दौरान 320 लोगों की मौत हुई तो 37,950 रोगी स्वस्थ घोषित किए गए।

देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 3.39 लाख

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार रिकवरी दर मामूली सुधार के साथ 97.65 फीसदी तक पहुंच गई है जबकि एक्टिव रेट हल्की गिरावट के साथ 1.02 फीसदी रह गया है। बीते 24 घंटे के दौरान एक्टिव केस में 3,867 की कमी के साथ गुरुवार तक देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 3.40 लाख से नीचे 3,39,056 रह गई थी। हालांकि कोरोना काल में अब तक 4.44 लाख से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है।

दक्षिण के राज्यों में संक्रमण का फैलाव फिर तेज

फिलहाल केरल सहित दक्षिण के राज्यों में संक्रमण का फैलाव फिर तेज हो रहा है। केरल में तीन दिनों बाद नए संक्रमितों की संख्या फिर 20 हजार के पार 22,182 दर्ज की गई तो 178 लोगों की मौत हुई और 26,563 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मामलों में 4,559 की कमी के साथ 16 सितम्बर तक राज्य में 1,86,754 मरीजों का इलाज जारी था।

14 राज्यों में बढ़े सक्रिय मामले

केरल के विपरीत दक्षिण के तीन अन्य राज्यों – कर्नाटक (282), तमिलनाडु (120) और आंध्र प्रदेश (105) सहित 14 प्रदेशों में दैनिक आधार पर एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ी पाई गई। हालांकि मिजोरम में कई दिनों बाद एक्टिव केस में 85 की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उसके पड़ोसी पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में 100 से ज्यादा 140 एक्टिव केस बढ़े।

244 दिनों में टीकाकरण का आंकड़ा 77.24 करोड़

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 244 दिनों में 77.24 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें गुरुवार को लगभग 64 लाख लोगों को टीके की पहली या दूसरी डोज दी गई। उधर आईसीएमआर के अनुसार पिछले 24 घंटे में 15.27 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 16 सितम्बर तक देश में कुल 54.92 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 34,403

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 37,950

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 320

अब तक कुल संक्रमित : 3,33,81,728

अब तक कुल स्वस्थ : 3,25,98,424

रिकवरी दर : 97.65%

अब तक कुल मौतें : 4,44,248

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 3,39,056 (दैनिक गिरावट 3,867)

सक्रियता दर : 1.02%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 63,97,972

244 दिनों में कुल टीकाकरण : 77,24,25,744

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 15,27,429

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 54,92,29,149.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular