Homeहिन्दीराजनीतिमायावती का केंद्र पर हमला - अग्निपथ योजना ने युवाओं को किया...

मायावती का केंद्र पर हमला – अग्निपथ योजना ने युवाओं को किया हताश और निराश

लखनऊ, 19 जून। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने रविवार को कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण तनाव में जीने को मजबूर युवा वर्ग को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना ने निराश और हताश किया है।

मायावती ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘ऐसे समय में जब मुट्ठीभर लोगों को छोड़कर देश की विशाल आबादी में से खासकर युवा वर्ग गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, तनाव आदि के अग्निपथ पर हर दिन बिना थके-हारे जीवन संघर्ष को मजबूर हैं, उन्हें केंद्र की अल्पावधि ’अग्निपथ’ सैन्य भर्ती स्कीम ने काफी निराश व हताश किया है।’

उन्होंने कहा, ‘केंद्र द्वारा रेलवे, सेना व अर्द्धसैनिक बल आदि में भर्ती की संख्या व संभावना को अति-सीमित करने का ही परिणाम है कि खासकर ग्रामीण परिवेश के हिम्मतवर नौजवान काफी असहाय व ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं तथा भविष्य को अंधकार में पाकर उनका आक्रोश उबाल पर है, जिसे सही से संभालना जरूरी।’

बसपा अध्यक्ष ने अपील करते हुए कहा, ‘केंद्र से पुनः अनुरोध है कि देश के भविष्य इन पीड़ित नौजवानों के दर्द व इनके भविष्य के मुद्दे को गंभीरता से लेकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करे तथा देश की सुरक्षा से सम्बंधित ऐसे अहम मामलों में संसद को विश्वास में जरूर ले। नौजवानों से भी अपील है कि वे संयम जरूर बरतें।’

गौरतलब है कि केंद्र सरकार की सैन्य भर्ती की नई योजना अग्निपथ को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक घटनाये हुई हैं। केंद्र सरकार ने अग्निवीरों को आश्वस्त किया है कि उन्हें चार वर्ष की नौकरी के बाद विभिन्न सरकारी नौकरियों में दस फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा उनके बेहतर भविष्य की प्रचुर संभावनाएं सैन्य भर्ती योजना में हैं, जिनका उन्हे लाभ उठाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments