1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी : मनोज कुमार सिंह राज्य के नए मुख्य सचिव नियुक्त, दुर्गा शंकर मिश्र को नहीं मिला चौथा सेवा विस्तार
यूपी : मनोज कुमार सिंह राज्य के नए मुख्य सचिव नियुक्त, दुर्गा शंकर मिश्र को नहीं मिला चौथा सेवा विस्तार

यूपी : मनोज कुमार सिंह राज्य के नए मुख्य सचिव नियुक्त, दुर्गा शंकर मिश्र को नहीं मिला चौथा सेवा विस्तार

0
Social Share

लखनऊ, 30 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र का कार्यकाल खत्म होने के साथ ही मनोज कुमार सिंह रविवार को सूबे के नए मुख्य सचिव नियुक्त कर दिए गए। वर्तमान में कई अहम विभागों का दायित्व संभाल रहे 1988 बैच के आईएएस मनोज कुमार सिंह की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वसनीय अफसरों में गिनती की जाती है।

सीएम योगी ने दुर्गा शंकर मिश्र का कार्यकाल खत्म होने के साथ ही आज पूर्वाह्न सूबे के 55वें मुख्य सचिव के रूप में मनोज कुमार सिंह की नियुक्ति का का फैसला किया। इसके साथ ही दुर्गा शंकर मिश्रा को चौथा सेवा विस्तार दिए जाने की अटकलों पर विराम लग गया।

लोकभवन कार्यालय में दुर्गा शंकर मिश्र ने मनोज कुमार को सौंपा चार्ज

नवनियुक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने शाम पांच बजे लोकभवन में ए ब्लॉक के प्रथम तल पर स्थित मुख्य सचिव कार्यालय में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। दुर्गा शंकर मिश्र ने मनोज कुमार सिंह को चार्ज सौंपा। वह अब तक राज्य के कृषि उत्पादन आयुक्त और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह मुख्य सचिव के साथ-साथ IIDC की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

 

डीएस मिश्र ने मुख्य सचिव के तौर पर बनाया नया रिकॉर्ड

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1984 के बैच के आईएएस दुर्गा शंकर मिश्र दिसम्बर, 2021 में रिटायर होने वाले थे, तब उन्हें सेवा विस्तार देकर यूपी का मुख्य सचिव बनाया गया था। फिर उन्हें वर्ष 2022 में सेवा विस्तार मिला। इसके बाद दिसम्बर, 2023 में जब उनका कार्यकाल खत्म होने को था, तब लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा गया। फिलहाल बढ़ा हुआ कार्यकाल खत्म होने के साथ ही दुर्गा शंकर मिश्र ने नया रिकॉर्ड बना दिया। वह बतौर मुख्य सचिव सबसे अधिक सेवा विस्तार पाने वाले राज्य के पहले आईएएस हैं। इसके पहले सूबे में किसी भी मुख्य सचिव को तीन बार सेवा विस्तार नहीं मिला था।

सीएम योगी के विश्वसनीय अफसरों में गिने जाते हैं मनोज कुमार

हालांकि ब्यूरोक्रेसी में इस बार भी चर्चा थी कि एक बार फिर दुर्गा शंकर मिश्र का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है क्योंकि उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी बेहद काबिल अधिकारी मानते हैं, लेकिन उन्हें चौथा विस्तार नहीं मिला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले मनोज कुमार सिंह को राज्य का मुख्य सचिव बनाए जाने पर केंद्र सरकार ने रजामंदी जता दी।

कई अफसरों को सुपरसीड कर बने मुख्य सचिव

वैसे देखा जाए तो मनोज कुमार सिंह को 1987 बैच के अरुण सिंघल और इसी बैच की लीना नंदन तथा 1988 बैच के रजनीश दुबे को सुपरसीड करके मुख्य सचिव बनाया गया। अरुण सिंघल और लीना नंदन केंद्रीय नियुक्ति पर हैं जबकि रजनीश दुबे राजस्व परिषद के अध्यक्ष हैं। बीते डेढ़ वर्षों से शासन की कई बड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारने में मनोज कुमार सिंह की अहम भूमिका रही है। इस नाते केंद्र सरकार ने सीएम योगी के विश्वसनीय अधिकारियों में गिने जाने वाले मनोज कुमार सिंह को मुख्य सचिव बनाए जाने पर अपनी रजामंदी जता दी। वह अगले वर्ष अवकाश ग्रहण करेंगे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code