Site icon hindi.revoi.in

ICC महिला टी20 विश्व कप : भारत की लगातार दूसरी जीत में मंधाना व शेफाली चमकीं, नीदरलैंड्स 95 रनों से परास्त

Social Share

लीड्स, 17 जून। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को यहां ओपनरद्वय स्मृति मंधाना (74 रन, 47 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) व शेफाली वर्मा (55 रन, 38 गेंद, 10 चौके) के विस्फोटक अर्धशतकीय प्रहारों के बाद मारक गेंदबाजी की बदौलत नीदरलैंड्स को 95 रनों से शिकस्त दी और ICC महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप एक में लगातार दूसरी जीत से शीर्ष पर पहुंच गई।

स्मृति-शेफाली की शतकीय भागीदारी, भारत का विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर

हेडिंग्ली ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ स्मृति व शेफाली ने कमजोर डच गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 71 गेंदों पर 115 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर दी। इससे भारतीय टीम पांच विकेट पर 209 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर विश्व कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही।

श्री चरणी, शेफाली व नंदनी के सामने डच टीम 114 पर बिखरी

जवाब में स्पिनर्सद्वय श्री चरणी (4-19), जिन्होंने 12 गेंदों के भीतर अपने चारों शिकार किए, व शेफाली (3-20) और पेसर नंदनी शर्मा (2-22) के सामने नीदरलैंड्स की टीम 17.3 ओवरों में 114 रनों पर ढेर हो गई। लगातार दूसरी हार झेलने वाली डच टीम के लिए कप्तान बाबेटे डि लीडे (28 रन, 27 गेंद, तीन चौके) सर्वोच्च स्कोरर साबित हुईं। टीम ने अंतिम सात विकेट 23 गेंदों के भीतर गंवा दिए।

टूर्नामेंट में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत

दिलचस्प तो यह रहा कि टूर्नामेंट में भारत की यह रनों के लिहाज सबसे बड़ी जीत भी साबित हुई। इसके पूर्व भारतीय महिलाओं ने नौ अक्टूबर, 2024 को श्रीलंका को 82 रनों से शिकस्त दी थी।

स्मृति का लगातार दूसरा पचासा

भारतीय पारी देखें तो मंधाना ने जहां लगातार दूसरा अर्धशतक ठोका वहीं शेफाली ने टूर्नामेंट में पहला अर्धशतक लगाया। इन दोनों के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (20 रन, आठ गेंद, दो छक्के, एक चौका), जेमिमा रॉड्रिग्स (19 रन, 13 गेंद, दो चौके), कप्तान हरमनप्रीत कौर (12 रन, नौ गेंद, दो चौके) व दीप्ति शर्मा (नाबाद 10 रन, दो गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने भी तेज हाथ दिखाए और टीम 200 के पार पहुंच गई।

भारत की अब दक्षिण अफ्रीका से 21 जून को टक्कर

अपने पहले मैच में पाकिस्तान पर 64 रनों की धमाकेदार जीत दर्ज करने वाले भारत की 21 जून को गत उपजेता दक्षिण अफ्रीका से मैनचेस्टर में टक्कर होगी, जिसने आज ही बर्मिंघम में पाकिस्तान को दो विकेट से शिकस्त दी।

स्कोर कार्ड

इसी ग्रुप में ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने लीड्स में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। अब भारत व ऑस्ट्रेलिया के बराबर चार-चार अंक हैं, लेकिन हरमनप्रीत एंड कम्पनी बेहतर नेट रन रेट के सहारे पहले स्थान पर है।

Exit mobile version