1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे आया, निफ्टी 436 अंक टूटा
शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे आया, निफ्टी 436 अंक टूटा

शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे आया, निफ्टी 436 अंक टूटा

0
Social Share

मुंबई, 12 मई। अमेरिका व ईरान के बीच एक बार फिर युद्ध शुरू होने के उभरते लक्षण और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते निवेशकों की धारणा इस कदर प्रभावित हुई है कि घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी 1.50 फीसदी से बड़ी गिरावट देखने को मिली। हालांकि यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र था, जब दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए।

चौतरफा लिवाली के बीच बीएसई सेंसेक्स 1,456 अंक टूटने के साथ जहां 75,000 से नीचे चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 436 अकों की गिरावट के चलते 23,500 अंक के नीचे जा फिसला। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निरंतर पूंजी निकासी और रुपये के अब तक के सबसे निचले स्तर पर आने से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

सेंसेक्स 1,456.04 अंक टूटकर 74,559.24 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,456.04 अंक यानी 1.92 प्रतिशत टूटकर 74,559.24 अंक पर बंद हुआ। कारोबार दौरान, यह 1,565.78 अंक लुढ़क कर 74,449.50 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयरों में कमजोरी दिखी तो सिर्फ एक (भारतीय स्टेट बैंक) में मजबूत रही।

निफ्टी 1.83 प्रतिशत का गोता लगाकर 23,379.55 अंक पर बंद

दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 436.30 अंक यानी 1.83 प्रतिशत का गोता लगाकर 23,379.55 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 47 के शेयरों में गिरावट रही और तीन चढ़कर बंद हुए।

निवेशकों को 9.58 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान

शेयर बाजार में जबर्दस्त गिरावट का ही यह असर था कि बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर ₹4,56,99,945.78 करोड़ पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन यानी 11 मई को ₹4,66,58,569.68 करोड़ था। इस तरह BSE में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक ही सत्र में लगभग ₹9,58,624 करोड़ घट गया। दूसरेशब्दों में कहें तो निवेशकों को ₹9.58 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ।

टेक महिंद्रा के शेयर सर्वाधिक 4.44 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल शेयरों में से टेक महिंद्रा के शेयर सर्वाधिक 4.44 फीसदी गिरे। अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स प्रमुख रूप नुकसान में रहे। वहीं सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक में तेजी रही।

रुपया 35 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले निम्नतम स्तर 95.63 पर

डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 35 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 95.63 (अस्थायी) पर आ गया। उधर वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.75 प्रतिशत बढ़कर 107.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 8,437.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code