नई दिल्ली/कोलकाता, 25 अप्रैल। केंद्र सरकार ने नीति आयोग में बड़ा बदलाव करते हुए पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अर्थशास्त्री और भाजपा विधायक अशोक कुमार लाहिड़ी को संस्था का नया उपाध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया है। वे मौजूदा उपाध्यक्ष सुमन बेरी की जगह लेंगे, जिन्होंने मई 2022 से यह जिम्मेदारी संभाली हुई है।यह नियुक्ति पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच हुई है, जहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। लाहिड़ी वर्तमान में बालुरघाट सीट से भाजपा विधायक हैं, लेकिन इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
अशोक लाहिड़ी का अनुभव
लाहिड़ी भारत सरकार के 12वें मुख्य आर्थिक सलाहकार (Chief Economic Adviser) रह चुके हैं। उन्हें यह पद दिसंबर 2002 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान मिला था और उन्होंने जून 2007 तक काम किया, जिसमें मनमोहन सिंह सरकार का समय भी शामिल है। उनकी शिक्षा कोलकाता की प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी से हुई है। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, एशियन डेवलपमेंट बैंक, बंधन बैंक (चेयरमैन), नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक फाइनेंस एंड पॉलिसी और 15वें वित्त आयोग में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भी काम किया है।
गोबर्धन दास को सदस्य बनाया जाएगा
इसके साथ ही पश्चिम बंगाल से ही वैज्ञानिक डॉ. गोबर्धन दास को नीति आयोग का नया सदस्य बनाया जा सकता है। वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में इम्यूनोलॉजी के क्षेत्र में प्रोफेसर रह चुके हैं और IISER भोपाल के डायरेक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं। 2021 के बंगाल चुनाव में उन्होंने पूरबस्थली उत्तर सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।नीति आयोग का उपाध्यक्ष पद कैबिनेट मंत्री के समकक्ष होता है। दोनों नियुक्तियों की औपचारिक अधिसूचना जल्द जारी होने की उम्मीद है। यह फैसला बंगाल में केंद्र सरकार की उपस्थिति मजबूत करने और नीति निर्माण में विशेषज्ञों की भूमिका बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।

