मुंबई, 16 अगस्त। सरकारी संस्थानों के होटलों और कैंटीनों में छापेमारी के बाद, तुकाराम मुंडे की अगुआई वाले महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अब बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ (जो कथित तौर पर एक तंबाकू उत्पाद है) के विज्ञापन में ब्रांड एंडोर्सर के तौर पर शामिल होने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी की है।
जवाब नहीं मिलने पर कानूनी काररवाई की चेतावनी
एफडीए का कहना है कि यह कैंपेन बैन किए गए पान मसाला/तंबाकू से जुड़े प्रोडक्ट्स का इनडायरेक्ट प्रमोशन हो सकता है। कारण बताओ नोटिस में इन फिल्मी सितारों को नोटिस मिलने की तारीख से 15 दिनों के अंदर लिखित जवाब देने के लिए कहा गया है। एफडीए ने साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई जवाब नहीं मिलता या जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता तो लागू कानून के तहत आगे की काररवाई की जा सकती है।
Tukaram Mundhe vs Big B!
Maharashtra FDA issues show-cause notices to Shah Rukh Khan, Ajay Devgn & Tiger Shroff for Vimal Pan Masala ads.
Remove all ads from social media in 15 days or face action.@Tukaram_IndIAS 🔥🔥🔥 pic.twitter.com/cjoQPNqvqI
— Sachin More (@SM_8009) August 16, 2026
महाराष्ट्र में पान मसाला प्रोडक्ट्स पर बैन
FDA की ओर से गत 11 अगस्त को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट (FSS एक्ट), 2006 और उससे जुड़े नियमों के तहत यह नोटिस जारी की गई है। नोटिस के अनुसार विमल ब्रांड मार्केट में पान मसाला से प्रमुखता से जुड़ा हुआ है और महाराष्ट्र में पान मसाला प्रोडक्ट्स पर बैन है।
नोटिस के अनुसार यह विज्ञापन यूट्यूब पर उपलब्ध था और इसे टेलीविज़न, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और दूसरे प्रमोशन वाले प्लेटफ़ॉर्म पर दिखाया गया था। एफडीए ने कहा कि इलायची के विज्ञापन में ‘विमल’ ब्रांड का इस्तेमाल करने से विमल पान मसाला ब्रांड से जुड़ाव बन सकता है, जो एक प्रतिबंधित प्रोडक्ट है।
ऐसे विज्ञापन में शामिल व्यक्ति पर लग सकता है 10 लाख रुपये तक का जुर्माना
नोटिस में एफएसएस एक्ट की धारा 24 का ज़िक्र है, जो गुमराह करने वाले विज्ञापनों पर रोक लगाती है, और धारा 53 का भी ज़िक्र है, जिसके तहत गुमराह करने वाले खाने-पीने के सामान के विज्ञापन को पब्लिश करने वाले या उसमें शामिल व्यक्ति पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
एफडीए ने एक्टर्स को निर्देश दिया है कि वे तुरंत इस विज्ञापन में अपनी भागीदारी बंद करें, अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल और दूसरे प्लेटफॉर्म से प्रमोशन वाला कंटेंट हटाएं। साथ ही प्रोडक्ट को एंडोर्स करने से पहले की गई जरूरी जांच-पड़ताल की जानकारी दें।
एफडीए ने इन बॉलीवुड सितारों से एग्रीमेंट, कैंपेन ब्रीफ और दूसरे जरूरी दस्तावेज जमा करने को भी कहा है। साथ ही, उनसे यह बताने को कहा है कि क्या ‘विमल इलायची’ एक स्वतंत्र प्रोडक्ट है या ‘विमल पान मसाला’ या तंबाकू से जुड़े प्रोडक्ट्स के लिए एक सरोगेट कम्युनिकेशन (अप्रत्यक्ष प्रचार) है।

