1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. महागठबंधन की रैली में लालू यादव की हुंकार – ‘2024 में देश से भाजपा का सफाया करना है’
महागठबंधन की रैली में लालू यादव की हुंकार – ‘2024 में देश से भाजपा का सफाया करना है’

महागठबंधन की रैली में लालू यादव की हुंकार – ‘2024 में देश से भाजपा का सफाया करना है’

0
Social Share

पूर्णिया, 25 फरवरी। सिंगापुर से किडनी प्रत्यारोपण कराने के बाद लौटे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को केंद्रीय सत्ता से उखाड़ फेंकने की हुंकार भरी है। पूर्णिया में शनिवार को हुई महागठबंधन की रैली को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए लालू ने कहा, ‘हमें देश और संविधान को बचाना है। भाजपा का 2024 में देश से सफाया करना है। आज देश टुकड़े-टुकड़े होने की कगार पर है।’

नरेंद्र मोदी वही करते हैं, जो आरएसएस चाहता है

लालू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की मानसिकता खतरनाक है। 2024 में देश को और मजबूत करना है। उन्होंने साथ ही भाजपा को आरएसएस का मुखौटा करार देते हुए कहा, ‘नरेंद्र मोदी वही करते हैं, जो आरएसएस चाहता है। हम एकजुट रहेंगे तो देश बचेगा। बिहार के संदेश का देश में असर होता है। 2015 का इतिहास दोहराना है।’

लालू ने खुले मंच से बेटी रोहिणी को याद करते हुए कहा, ‘मेरी बेटी ने मिसाल पेश की।’ उल्लेखनीय है कि रोहिणी आचार्य ने ही अपने पिता लालू को एक किडनी डोनेट किया है। लालू ने साथ ही यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों का वोट बिखरने का प्रयास हो रहा है। इससे सावधान रहने की जरूरत है। राशन देकर वोट लेने का प्रयास हो रहा है। भाजपा राशन बांटकर क्रेडिट ले रही है.

भाजपा में कोई लीडर नहीं, सब डीलर हैं : तेजस्वी

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘एकता ही हमारी पहचान है। लालूजी ने आज तक सांप्रदायिक शक्तियों के सामने घुटने नहीं टेके। हमेशा उनके खिलाफ लड़े। चाहे जितना भी तंग किया गया हो, लालूजी डरे नहीं, निडर होकर लड़ाई लड़ी।’

तेजस्वी ने कहा कि भाजपा में कोई भी लीडर नहीं है, वहां सब डीलर हैं। ये देश के लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। ये नफरत की राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन 2024 में ऐसे लोगों को सत्ता से बेदखल करेगा।

तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव ने कभी सांप्रदायिक ताकतों के आगे घुटना नहीं टेका। उनका बेटा भी कभी नहीं झुकेगा। नीतीश कुमार ने लोकतंत्र बचाने के लिए सही फैसला लिया था। विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास है। सभी एकजुट हुए तो 2024 में बदलाव होगा। जब-जब बिहार लड़ता है तो दिल्ली हारती है।

उन्होंने कहा, ‘हम नीतीश कुमार जी के साथ मजबूती से खड़े हैं। देश में नीतीश जी जैसा नेता नहीं है। नीतीश जी का नेतृत्व हो तो बिहार की गिनती टॉप-5 राज्य में होगी।’ उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों को बुलाकर कांग्रेस को बात करनी चाहिए कि 2024 में बीजेपी को कैसे मात देंगे। तेजस्वी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि महागठबंधन का दिल्ली मार्च होगा। भाजपा को सामने से टक्कर देंगे।

ललन सिंह ने साधा अमित शाह पर निशाना

इस दौरान जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री पर निशाना साधा। दरअसल आज ही पश्चिमी चंपारण में हुई जनसभा में अमित शाह ने नीतीश पर जमकर हमला बोला था। इस पर पलटवार करते हुए ललन सिंह ने कहा कि लालू यादव जंगलराज नहीं, सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रतीक हैं।

ललन सिंह ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की मजबूती से भाजपा बेचैन है। देश में कॉरपोरेट फ्रॉड हुआ, लेकिन केंद्र सरकार के पास जवाब नहीं है। बीजेपी ED-CBI और इनकम टैक्स के जरिए राज कर रही है। ये लोकतंत्र पर खतरा है। देश को बचाने की जरूरत है। देश बचाना है तो 2024 में देश को भाजपा मुक्त करना होगा। बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन जीतेगा। महागठबंधन में झगड़ा लगाने को कोशिश सफल नहीं होगी।

क्या कहा था अमित शाह ने?

अमित शाह ने अपनी जनसभा में कहा था कि जेडीयू औऱ आरजेडी का मेल अपवित्र गठबंधन है। ये पानी और तेल जैसा है। इसमें जदयू पानी और आरजेडी तेल है। साथ ही कहा था कि नीतीश कुमार जीवनभर जिस कांग्रेस के खिलाफ लड़े, जिस जंगलराज के खिलाफ भाजपा के साथ लड़े, यहां एनडीए की सरकार बनाई। लेकिन बाद में नीतीश कुमार जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद यादव की गोद में बैठ गए।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code