Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : अंततः खुल गया KKR का खाता, मारक गेंदबाजी के बाद रिंकू-अनुकूल ने RR के खिलाफ दिलाई जीत

Social Share

कोलकाता, 19 अप्रैल। तीन बार के पूर्व चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का इंतजार अंततः खत्म हुआ और अजिंक्य रहाणे की टीम टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में छह मैचों के बाद रविवार को खाता खोलने में सफल हो गई। इस क्रम में वरुण चक्रवर्ती (3-14) व उनके सहयोगियों की मारक गेंदबाजी के बाद रिंकू सिंह (नाबाद 53 रन, 34 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) ने जरूरत के वक्त अपना नैसर्गिक अंदाज दिखाया और अनुकूल रॉय (नाबाद 29 रन, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) संग अटूट भागीदारी से दो गेंदों के शेष रहते राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चार विकेट की जीत सुनिश्चित कर दी।

ईडन गॉर्डन्स में ज्यादातर समय दिखा गेंदबाजों का जोर

हालांकि मौजूदा सत्र में रनों की बौछार के विपरीत ईडन गार्डन्स में ज्यादातर समय तक गेंदबाजों का ज्यादा जोर दिखा। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि राजस्थान रॉयल्स की टीम जहां अच्छी शुरुआत के बाद नौ विकेट पर 155 रनों तक पहुंच सकी वहीं केकेआर को 85 रनों छह विकेट गंवाने के बाद रिंकू व अनुकूल के सहारे जीत नसीब हुई।

यशस्वी व वैभव के बीच 81 रनों की भागीदारी

पहले बल्लेबाजी करने का राजस्थान रॉयल्स का फैसला एकबारगी तो सही लगा, जब ओपनरद्वय यशस्वी जायसवाल (39 रन, 29 गेंद, दो छक्के, चार चौके) व वैभव सूर्यवंशी (46 रन, 28 गेंद, दो छक्के, छह चौके) ने 52 गेंदों पर 81 रन जोड़कर शानदार शुरुआत दी थी।

74 रनों की वृद्धि पर लौटे राजस्थान के 9 बल्लेबाज

लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ लेग ब्रेक गुगली विशेषज्ञ वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर में वैभव को लौटाया तो फिर 20 रनों से ऊपर की एक भी भागीदारी विकसित नहीं हो सकी और 74 रनों की वृद्धि पर नौ बल्लेबाज लौट गए।

स्कोर कार्ड

यशस्वी का शिकार करने वाले सुनील नराइन (2-26) व कार्तिक त्यागी (3-22) ने भी वरुण का भरपूर साथ निभाया। इसका यह नतीजा हुआ कि वैभव व यशस्वी के बाद सिर्फ कप्तान रियान पराग (12 रन, एक चौका) व शिमरॉन हेटमायर (15 रन) ही दहाई में पहुंच सके।

अंजिंक्य रहाणे के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

जवाबी काररवाई के दौरान में केकेआर की हाहाकारी शुरुआत हुई, जब ओपनरद्वय टिम साइफर्ट व लगातार निराश कर रहे कप्तान रहाणे खाता तक नहीं खोल सके और पहले दो ओवरों में क्रमशः नांद्रे बर्जर व जोफ्रा आर्चर के शिकार हो गए। दिलचस्प तो यह रहा कि लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट होने वाले रहाणे के नाम आईपीएल में एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पार्थित पटेल (11 बार) को पीछे छोड़ वह अब तक 12 पर शून्य पर आउट हो चुके हैं।

केकेआर के शुरुआती 6 विकेट 85 रनों पर गिर चुके थे

इसके बाद रवींद्र जडेजा (2-8) सहित अन्य गेंदबाजो के सामने अग्निकृष रघुवंशी (10 रन, एक चौका), कैमरन ग्रीन (27 रन, 13 गेंद, एक छक्का, चार चौके), रोवमन पॉवेल (23 रन, 20 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व रमनदीप सिंह (10 रन, एक चौका) भी ज्यादा दूर नहीं जा सके। यश राज पंजा ने 14वें ओवर में 85 के योग पर जब रमनदीप को लौटाया तो मेजबान टीम खतरे में पड़ चुकी थी क्योंकि तब 39 गेंदों पर 70 रनों की दरकार थी।

रिंकू व अनुकूल के बीच 37 गेंदों पर अटूट 76 रनों की मैच जिताऊ भागीदारी

फिलहाल यहीं रिंकू को अनुकूल का साथ मिला। पिछले तीन मैचों में दहाई तक में नहीं पहुंच सके अलीगढ़ के विस्फोटक बल्लेबाज ने न सिर्फ सत्र का पहला पचासा जड़ा वरन अनुकूल संग सिर्फ 37 गेंदों पर 76 रनों की अटूट भागीदारी से टीम की पहली जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

केकेआर ने खुद पर से हटाया फिसड्डी का टैग

इस परिणाम से अब मौजूदा सत्र की सभी 10 प्रतिभागी टीमों के खाते में कम से कम एक जीत दर्ज हो चुकी है। वैसे केकेआर ने, जिसने पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के चलते रद मुकाबले से एक अंक हासिल किया था, अब सात मैचों में तीन अंकों के सहारे खुद से फिसड्डी का टैग हटा दिया है। इस क्रम में उसने मुंबई इंडियंस (पांच मैचों में दो अंक) को अंतिम स्थान पर धकेल दिया है। दूसरी तरफ शुरुआती चार जीत के बाद लगातार दूसरी पराजय के बावजूद राजस्थान रॉयल्स (आठ अंक) पंजाब किंग्स (नौ अंक) व आरसीबी (आठ अंक) के पीछे तीसरे स्थान पर कायम है।

सोमवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version