आसन (दक्षिण कोरिया), 7 अगस्त। आसन यि सुन-सिन जिम्नेजियम में शुक्रवार को दो भारतीय महिला शटलरों का जलवा दिखा, जब अश्मिता चालिहा व रक्षिता श्री संतोष रामराज ने उलटफेरयुक्त जीत से 2,50,000 अमेरिकी डॉलर ईनामी कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में आपसी मुलाकात तय कर ली।
अश्मिता ने विश्व नंबर 22 जापानी हिना अकेची को चौंकाया
BWF विश्व रैंकिंग में 50वें नंबर पर काबिज अश्मिता ने कोर्ट नंबर दो पर खेले गए गए दिन के पहले मैच में टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर किया और 63 मिनट तक खिंचे रोमांचक क्वार्टर फाइनल में जापान की विश्व नंबर 22 व यहां टॉप सीड जापानी हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से स्तब्ध कर दिया। इसके साथ ही गुवाहाटी की 26 वर्षीय शटलर ने पिछले वर्ष मलेशिया सुपर 100 में हिना के हाथों मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।

तन्वी के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद रक्षिता ने की वापसी
उधर विश्व नंबर 49 रक्षिता ने पिछले हफ्ते ताइपे ओपन के रूप में करिअर का पहली बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब जीतने वालीं तीसरी सीड व हमवतन तन्वी शर्मा के खिलाफ कोर्ट नंबर एक पर पहला गेम गंवाने के बाद असाधारण वापसी की और 61 मिनट के संघर्ष में 18-21, 21-19, 21-18 से जीत हासिल कर ली। कोयम्बटूर निवासी 19 वर्षीय रक्षिता का विश्व नंबर 30 तन्वी के खिलाफ यह चौथी जीत है।
पुरुष युगल में कृष्णा प्रसाद व पृथ्वी कृष्णमूर्ति की जोड़ी परास्त
उधर पुरुष युगल में भारतीय चुनौती खत्म हो गई, जब कृष्णा प्रसाद गरागा व पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी कोर्ट नंबर पर खेले गए दिन के सातवें व अंतिम मैच में मलेशिया के मान वेई चोंग व सोह वूई यिक के हाथों सिर्फ 26 मिनट में 7-21, 8-21 से हार गई।
