मध्य प्रदेश में वोटिंग के दौरान बोले कमलनाथ – ‘मुझे राज्य की जनता पर विश्वास है, भाजपा साफ है’

छिंदवाड़ा, 17 नवम्बर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को जारी मतदान के दौरान कहा है कि उन्हें प्रदेश की जनता पर भरोसा है कि वह सही पार्टी का चुनाव करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी तंज कसते हुए कहा, ‘मैं कोई दावा नहीं करूंगा कि हम कितनी सीटें जीत रहे हैं। हां, भाजपा का पक्का साफ होता दिख रह है। मैंने यहां की जनता पर सब छोड़ दिया है कि वह हमें कितनी सीट जिताकर विधानसभा भेज रही है।’

पैसे और प्रशासन के दुरुपयोग का भाजपा पर लगाया आरोप

मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष और छिंदवाड़ा से पार्टी उम्मीदवार कमल नाथ ने मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा पुलिस, पैसे और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। उनके पास बस यही बचा है। कल उन्होंने पूरे दिन शराब और पैसे बांटे। उन्होंने कहा, ‘लोगों ने मुझे वीडियो भेजे और वीडियो कॉल पर मुझे दिखाया कि क्या हो रहा है। मैं ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं कि मुरैना एसपी बीजेपी कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे हैं।’

केंद्रीय बलों की 700 कम्पनियां की निगरानी में हो रहा मतदान

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई। मतदाता अपने मत का प्रयोग शाम छह बजे तक कर सकते हैं। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय बलों की 700 कम्पनियां लगाई गई हैं। साथ ही पुलिस के दो लाख जवान ड्यूटी पर तैनात हैं।

प्रदेश में करीब 5.59 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 2.87 करोड़ पुरुष और 2.71 महिला मतदाता हैं। 5000 बूथ महिलाओं के लिए और 183 पोलिंग बूथ दिव्यांगों के लिए चलाया जा रहा है। अगले वर्ष प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा, कांग्रेस के लिए यह विधानसभा चुनाव बेहद ही अहम है। यहां जो बाजी मारेगा, उसके लोकसभा में अच्छा प्रदर्शन करने के मौके ज्यादा होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular