जमुई छात्रा छेड़खानी केस में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल

नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी मामले में एसआईटी की जांच जारी, कई आरोपियों की पहचान कर छापेमारी

पटना, 22 सितंबर। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मामले का मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसके पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में टीम मड़वा पहाड़ी इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस दल पर हमला किए जाने का दावा किया गया। जवाबी कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी के भी घायल होने की सूचना है।

19 सितंबर को हुई थी घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की शाम की है। एक नाबालिग छात्रा और उसका दोस्त मड़वा पहाड़ इलाके से लौट रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक के साथ भी मारपीट की गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की और मामले में POCSO समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और बाकी आरोपियों की तलाश के लिए एसआईटी गठित की गई थी।

वीडियो बनाने और वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई

पुलिस वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले कुछ प्रोफाइल के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

घटना पर सियासत भी तेज

जमुई की इस घटना को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हुई है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर दोबारा प्रसारित करने से बचने की अपील भी की गई है, ताकि पीड़िता की पहचान और निजता प्रभावित न हो।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular