UPITS 2026: 25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा, 22 सितंबर । उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, कारोबारी और निर्यात क्षेत्र को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में शुरू होगा। पांच दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि 29 सितंबर को समापन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो की इस वर्ष की केंद्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच…’ रखी गई है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश को देश-दुनिया के कारोबारियों, निवेशकों और खरीदारों के लिए एक बड़े सोर्सिंग हब के तौर पर पेश करने पर जोर रहेगा।

एक छत के नीचे दिखेगी यूपी की औद्योगिक ताकत

UPITS-2026 में उत्तर प्रदेश के एक जिला एक उत्पाद (ODOP), ODOC, मुख्यमंत्री युवा, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं हेल्थकेयर समेत कई क्षेत्रों की कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इसके अलावा टेक्सटाइल एवं हथकरघा, टाउन ऑफ एक्सीलेंस एक्सपोर्टर्स, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, पर्यटन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। ऐसे में ट्रेड शो में पारंपरिक कला और शिल्प से लेकर आधुनिक तकनीक और औद्योगिक क्षमताओं तक की झलक देखने को मिलेगी।

36,500 वर्ग मीटर में तैयार हो रहा प्रदर्शनी क्षेत्र

UPITS-2026 के लिए इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के भूतल और द्वितीय तल के विभिन्न हॉल में करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया जा चुका है। औद्योगिक विकास प्राधिकरणों और कॉरपोरेट संस्थाओं के लिए प्रदर्शनी का लेआउट भी अंतिम रूप ले चुका है। अलग-अलग सेक्टर के लिए निर्धारित स्थानों पर कंपनियां, कारोबारी संस्थाएं और सरकारी विभाग अपने उत्पाद, सेवाएं और उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्लस्टरों और उत्पादों को एक ही मंच पर समझने और कारोबारी संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।

MSME और ODOP को मिलेगा ग्लोबल मार्केट का मंच

ट्रेड शो को केवल औद्योगिक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, कारोबारी वातावरण, निर्यात सामर्थ्य, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, हस्तशिल्प, हथकरघा, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। MSME और ODOP की भागीदारी के जरिए स्थानीय उत्पाद निर्माताओं और छोटे-मध्यम उद्यमों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

नए उद्योग और टेक्नोलॉजी सेक्टर भी रहेंगे केंद्र में

इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे सेक्टर यूपी में विकसित हो रहे नए औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों की तस्वीर पेश करेंगे। प्रदर्शनी क्षेत्र का लेआउट तैयार होने के बाद अब आयोजन से जुड़ी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाला UPITS-2026 उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, कारोबारी, सांस्कृतिक और निर्यात सामर्थ्य को देश-दुनिया के सामने रखने वाला प्रमुख मंच बनने जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular