IT शेयरों ने लौटाई शेयर बाजार की रौनक, सेंसेक्स 331 अंक चढ़ा, निफ्टी 85 अंक मजबूत

मुंबई, 28 अगस्त। वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहे घरेलू शेयर बाजार को कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में आई लिवाली का सहारा मिला और लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 331 अंकों की तेजी से एक बार फिर 77,000 के पार जाकर रुका तो एनएसई निफ्टी ने 85 अंकों की मजबूती हासिल की।

सेंसेक्स 330.92 अंक बढ़कर 77,264.51 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 77,264.51 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 424.38 अंक बढ़कर 77,357.97 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्टॉक मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 84.80 अंकों की बढ़त से 24,175.65 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,175.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 30 के शेयर लाभ में रहे जबकि 19 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में भी अच्छी रौनक रही। इस क्रम में निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 हरे निशान पर रुके।

सेक्टोरल इंडेक्स : निफ्टी आईटी 3.51 फीसदी मजबूत

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो आईटी सेक्टर से शानदार सपोर्ट मिला और इसका निफ्टी इंडेक्स 3.51% मजबूत हुआ। मेटल और फार्मा सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में भी आधे-आधे फीसदी की तेजी आई तो दूसरी तरफ निफ्टी एफएमसीजी आधे फीसदी कमजोर हुआ। वहीं हैवीवेट प्राइवेट बैंकिंग शेयरों का निफ्टी इंडेक्स और निफ्टी ऑटो भी लाल बंद हुआ। इस मिले-जुले माहौल में BSE पर लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक गिर गया। यानी निवेशकों को 17 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

टीसीएस के शेयर सर्वाधिक 4.09 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर सर्वाधिक 4.09 फीसदी चढ़े। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाइटन और इटर्नल के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके उलट, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

FII ने 298.26 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 298.26 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत गिरकर 89.63 डॉलर प्रति बैरल पर था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular