राष्ट्रमंडल खेल 2026 : 10वें दिन भारत का ‘गोल्डन पंच’, 16 पदक जीत तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा

ग्लास्गो, 2  अगस्त। भारतीय खिलाड़ियों ने यहां 23वें राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह से एक दिन पहले शनिवार को ‘गोल्डन पंच’ जमाया और एक ही दिन में मुक्केबाजी के 10 सहित कुल 16 पदक अपने नाम कर लिए, जिनमें आठ स्वर्ण, पांच रजत व तीन कांस्य पदक शामिल थे।

इस शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय दल ने पदक तालिका में छह पायदान की लंबी छलांग लगाई और 13 स्वर्ण, 17 रजत व नौ कांस्य पदकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया। भारत के खाते में 10वें दिन की स्पर्धाओं की समाप्ति तक कुल 39 पदक आ चुके थे। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने प्रतियोगिता के अंतिम चरण में देश की पदक उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।

ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार

वहीं पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बना हुआ है। उसके खाते में 61 स्वर्ण, 38 रजत और 50 कांस्य सहित कुल 149 पदक हैं। इंग्लैंड 25 स्वर्ण, 40 रजत और 34 कांस्य के साथ कुल 99 पदक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि कनाडा 18 सहित समेत कुल 57 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है।

स्कॉटलैंड पांचवें स्थान पर खिसका

भारत की शानदार छलांग का असर मेजबान स्कॉटलैंड की रैंकिंग पर भी पड़ा है। 12 स्वर्ण, आठ रजत और 17 कांस्य समेत कुल 37 पदकों के साथ स्कॉटलैंड पांचवें स्थान पर खिसक गया है। नाइजीरिया 10 स्वर्ण समेत कुल 21 पदकों के साथ छठे, वेल्स आठ स्वर्ण, 10 रजत और 12 कांस्य समेत 30 पदकों के साथ सातवें स्थान पर है। न्यूजीलैंड आठ स्वर्ण के साथ कुल 27 पदक लेकर आठवें स्थान पर मौजूद है।

बॉक्सिंग में भारत का ‘गोल्डन पंच’

वस्तुतः 10वें दिन भारतीय मुक्केबाजों ने धमाल मचा दिया। मुक्केबाजी रिंग में भारत ने कुल 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण पदक शामिल रहे। पुरुष वर्ग में अंकुश पंघाल और सचिन सिवाच ने स्वर्ण पदक जीते तो महिला वर्ग में जैस्मीन लैंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घनघस, अरुंधति चौधरी और प्रीति ने स्वर्ण पदक जीते।

तीन मुक्केबाजों ने जीते रजत

भारतीय मुक्केबाजों के शानदार प्रदर्शन में तीन रजत पदक भी शामिल रहे। जदुमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया।

तिहरी कूद में भी दमदार प्रदर्शन

उधर ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भी भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की तिहरी कूद स्पर्धा में प्रवीण चित्रावेल ने रजत मेडल जीता जबकि सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों के प्रदर्शन से भारत की एथलेटिक्स में पदक संख्या को मजबूती मिली।

सोमन राणा की अगुआई में गोला प्रक्षेप में भी दो पदक

गोला प्रक्षेप (शॉट पट) में भी भारत को दो पदक मिले। सोमन राणा ने अव्वल रहते हुए भारत की पदक तालिका में एक और स्वर्ण जोड़ा जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक अपने नाम किया।

डेकाथलॉन में तेजस्विन ने रचा इतिहास

10 स्पर्धाओं के खेला यानी डेकाथलॉन में भी भारतीए एथलीट तेजस्विन शंकर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और 7,976 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। राष्ट्रमंडल खेलों की डेकाथलॉन स्पर्धा में पदक जीतने वाले तेजस्विन पहले भारतीय हैं।

उन्नति शर्मा ने जूडो में भारत को चौथा कांस्य पदक दिलाया

भारतीय महिला जूडोका उन्नति शर्मा ने 63 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। यह मौजूदा खेलों की जूडो स्पर्धा में भारत का चौथा पदक था। उन्नति ने दक्षिण अफ्रीकी स्काई नोस्टर को इप्पन (100-0) से शिकस्त दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular