पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बवाल, सांसद बोले- ‘वो चाकू लेकर मुझे मारने आया था’, हमलावर हिरासत में
नई दिल्ली, 2 अगस्त। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जमकर बवाल हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सांसद पर चाकू से हमले की कोशिश की गई। हालांकि हमलावर को हिरासत में ले लिय गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
‘मैं डरूंगा नहीं, अगर कोई मुझे मारना चाहता है, तो मार दे’
वहीं पप्पू यादव ने दावा किया, ‘मेरे घर में किसी ने घुसकर हमला किया। क्या अब लोग हमसे मिलने भी नहीं आ सकते? चाकू लेकर मारने आया था। बाबा लोग रोज कह रहे हैं कि मुझे मार दो, जला दो, हम 51 लाख रुपये देंगे। हमने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मुझे मारने की साजिश रची गई थी, लेकिन मैं बच गया। मैंने पहले ही कई FIR दर्ज कराई हैं। मेरे वकील भी यहां मौजूद हैं। मैं डरूंगा नहीं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है, तो मार दे।’
पप्पू यादव के एक समर्थक ने कहा, ‘पप्पू यादव एक जननेता हैं। वे 24 घंटे जनता की सेवा करते हैं। वो हमलावर था। जैसे ही उसने पीछे से चाकू निकाला, हम लोगों ने उसे मिलकर पकड़ लिया।’ हमलावर को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
‘200 किलोग्राम सोना और चांदी कहां गया? ये सवाल जरूरी हैं‘
सांसद पप्पू यादव ने कहा, ‘मैं जनता के बीच घिरा हुआ था। सभी मीडिया के साथी मौजूद थे, वार्ता हो ही रही थी उतने में ये हुआ। मुझे मारने की साजिश तो चल ही रही है। कई बाबा मुझे जलाने-मारने की बात कर रहे हैं। अगर वहां पर इतने लोग मौजूद नहीं होते तो आज मैं खत्म हो जाता। कल रात ही मेरे परिजनों को भी परेशान किया गया है। मैंने तो कुछ कहा ही नहीं। 200 किलोग्राम सोना और चांदी कहां गया? ये सवाल जरूरी हैं।’
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली पुलिस काफी काबिल है। मैं बहुत दिनों से सुरक्षा की मांग कर रहा हूं। कई बाबा मुझे मारने की बातें कर रहे हैं। क्या कोई साधु इस तरह की बातें करेगा? मैंने कौन सा पाप किया है?’
पप्पू यादव के वकील ने दिल्ली पुलिस पर षडयंत्र रचने का लगाया आरोप
पप्पू यादव के वकील ने कहा, ‘आज की घटना बहुत निंदनीय है। ये दिल्ली पुलिस की विफलता दिखाती है। दिल्ली पुलिस की षड्यंत्रगर्दी दिखाती है कि कैसे वह सत्ता पक्ष के साथ मिलकर छह बार चुने गए सांसद के खिलाफ षड्यंत्र में सहयोग कर रही है। इसे पुलिस की विफलता कहें या संयोग कहें या क्या कहें। पिछले दो दिनों से हम लगातार शिकायत कर रहे हैं कि 6 बार के चुने हुए सांसद के खिलाफ किस प्रकार का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उनके खिलाफ ट्विटर पर खुलेआम ट्वीट किए जा रहे हैं।’
संतों ने वाराणसी में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद पर दर्ज कराया है केस
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही वाराणसी में पातालपुरी मठ, नरहरिपुरा के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य की तहरीर पर राहुल गांधी, पप्पू यादव और फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ संसद में प्रदर्शन को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान हिन्दू संत परंपरा और राम मंदिर के दान का प्रतीकात्मक उपयोग कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया।
संसद परिसर में हुए राजनीतिक प्रदर्शन को लेकर संतों में रोष
जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने संसद परिसर में हुए एक राजनीतिक प्रदर्शन को लेकर थाना कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस को दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि 31 जुलाई 2026 को संसद परिसर में हुए सार्वजनिक राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान हिन्दू संत परंपरा, भगवान श्रीराम मंदिर तथा श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित पवित्र दान का प्रतीकात्मक एवं नाटकीय प्रदर्शन कर करोड़ों हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया।
तहरीर में राहुल गांधी, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव तथा फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद का नाम लेते हुए आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र और हिन्दू संतों के स्वरूप का राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग किया गया और भगवान श्रीराम के मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान को प्रदर्शन का विषय बनाया गया। इससे हिन्दू आस्था, संत परंपरा और धार्मिक प्रतीकों का सार्वजनिक उपहास हुआ तथा समाज में धार्मिक तनाव और वैमनस्य फैलने की आशंका उत्पन्न हुई।
