FIH हॉकी विश्व कप : भारत की पाकिस्तान पर श्रेष्ठता जारी, 5-3 की संघर्षपूर्ण जीत से हरमनप्रीत एंड कम्पनी दूसरे दौर में

एम्सटेलवीन, 19 अगस्त। FIH हॉकी विश्व कप में पिछले 51 वर्षों से पदक की तलाश में भटक रही भारतीय पुरुष हॉकी ने बुधवार को यहां वेगनर हॉकी स्टेडियम में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर श्रेष्ठता बरकरार रखी और पूल डी के अपने अपने तीसरे व अंतिम मैच में 5-3 की संघर्षपूर्ण जीत से दूसरे दौर में जगह सुरक्षित कर ली।

विश्व कप में 16 वर्षों बाद आमने-सामने हुई दोनों टीमों में शुरुआत से ही रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। लेकिन विश्व रैंकिंग में पाकिस्तान से चार पायदन ऊपर आठवें स्थान पर काबिज हरमनप्रीत सिंह एंड कम्पनी ने मैच पर सदैव अपनी पकड़ बनाए रखी और पूर्ण अंक लेकर मैदान से बाहर निकली। विश्व कप में इसके पूर्व दोनों टीमों के बीच नई दिल्ली (2010) में टक्कर हुई थी, जब राजपाल सिंह के नेतृत्व वाली मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।

भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत व अभिषेक ने ठोके दो-दो गोल

आधे समय तक 4-2 से आगे रहे भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (पांचवां व 21वां मिनट) व अभिषेक (11वां व 24वां मिनट) में दो-दो गोल किए जबकि हार्दिक सिंह ने 35वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक भुनाया। भारत को कुल चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले और हरमनप्रीत ने अपने दोनों गोल शॉर्ट कॉर्नर पर ही किए।

उधर भारत की ही भांति चार पेनाल्टी कॉर्नर जुटाने वाले पाकिस्तान के लिए हन्नान शाहिद (22वां व 46वां मिनट) में दो गोल किए जबकि सूफियान खान ने 24वें मिनट में शॉर्ट कार्नर पर टीम का दूसरा गोल किया।

पूल डी में भारत को दूसरा स्थान, इंग्लैंड लगातार तीसरी जीत से शीर्षस्थ

वर्ष 1975 की विश्व कप विजेता भारतीय टीम पूल डी में दो जीत व एक पराजय के बाद छह अंक लेकर इंग्लैंड (नौ अंक) के बाद दूसरे स्थान पर रही। इंग्लैंड ने आज ही वेल्स को 8-2 से रौंदने के साथ लगातार तीसरी जीत हासिल की। चार बार के पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान व वेल्स की टीमें एक-एक अंक बटोर सकीं और स्पर्धा से शुरुआती दौर में ही बाहर हो गईं।

भारतीय महिलाओं की गुरुवार को इंग्लैंड से टक्कर

उधर महिला वर्ग में भारत पूल डी में गुरुवार को इंग्लैंड से अपना तीसरा व अंतिम मैच खेलेगा। इस पूल में भारत व चीन की टीमें चार-चार अंक लेकर पहले दो स्थान पर हैं जबकि इंग्लैंड (तीन अंक) तीसरे स्थान पर है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम का खाता नहीं खुल सका है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular