एशियाई खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बांग्लादेश को 10-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में पाकिस्तान से होगी मुलाकात

काकामिगाहारा, 28 सितम्बर। सेमीफाइनल का टिकट पहले ही पक्का कर चुकी गत चैम्पियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) में अपना अजेय क्रम जारी रखा और सोमवार को भारी बारिश के बीच पूल ए के आखिरी मैच कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक की मदद से बांग्लादेश को 10-0 से रौंदने के साथ लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

गत चैम्पियनों ने पूल चरण के शुरुआती चार मैचों में इंडोनेशिया को 13-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, सिंगापुर को 7-0 और जापान को 2-0 से हराया था। भारतत की अब सेमीफाइनल में एक अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुलाकात होगी। दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया की टक्कर दक्षिण कोरिया से होगी।

कप्तान हरमनप्रीत के नाम हैट्रिक सहित 3 गोल

गिफु प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए दिन के आखिरी लीग मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत (27वां, 40वां व 45वां मिनट) ने तीन गोल ठोके तो शिलानंद लाकड़ा (44वां व 45वां मिनट) ने दो गोल किये। अभिषेक (तीसरा मिनट), जुगराज सिंह (22वां मिनट), सुखजीत सिंह (32वां मिनट), संजय (59वां मिनट) व मनदीप सिंह (60वां मिनट) ने भी एक-एक गोल किया।

भारत ने मध्यांतर बाद ठोके 7 गोल

बारिश के कारण पिच गीली हो गई थी और खिलाड़ी पूरे भीग चुके थे, जिससे मूवमेंट में दिक्कत हो रही थी। चूंकि बारिश की वजह से पाकिस्तान बनाम ओमान मैच 15 मिनट के लिए रोकना पड़ा था, लिहाजा भारत और बांग्लादेश का मैच आधा घंटे देर से शुरू हुआ। भारत ने मध्यांतर के बाद हमलों की बौछार करते हुए कुल सात गोल ठोके।

महिला टीम बुधवार को कोरिया से सेमीफाइनल खेलेगी

भारतीय महिला टीम की बात करें तो वह भी पूल बी में सभी पांचों मैचों में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में पहले ही प्रवेश कर चुकी है। हॉकी स्पर्धा में एक दिन के विश्राम के बाद बुधवार (30 सितम्बर) को भारत का सेमीफाइनल में कोरिया गणराज्य से मुकाबला होगा जबकि गत चैम्पियन व ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन की मेजबान जापान से टक्कर होगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular