एम्सटेलवीन, 24 अगस्त। FIH हॉकी विश्व कप में सोमवार को भारतीय पुरुषों की भी सेमीफाइनल की दौड़ से औपचारिक विदाई हो गई, जब उन्हें वेगनेर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल ई के दूसरे मैच में अर्जेंटीना के हाथों भी 3-5 से पराजय झेलनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि भारत की महिला टीम रविवार को ही सेमीफाइनल की चुनौती से बाहर हो गई थी।
The Indian Men’s Team went down 3–5 against Argentina in their last Pool E clash at the FIH Hockey World Cup Belgium & Netherlands 2026 to bow out of contention for a place in the semi-finals. 🏑
Sukhjeet Singh scored twice, while Hardik Singh added a third goal for India.… pic.twitter.com/6WxztSEBVe
— Hockey India (@TheHockeyIndia) August 24, 2026
सह मेजबान व मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन नीदरलैंड्स से पिछले मैच में हारने के बाद विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज भारत पूल ई से अंतिम चार की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका था, लेकिन विश्व नंबर सात अर्जेंटीना की इंग्लैंड पर जीत के बाद तकनीकी तौर पर उसके रास्ते खुले थे। इसके लिए उसे कम से कम पांच गोल के अंतर से जीत चाहिए थी और साथ ही यह उम्मीद करनी थी कि विश्व नंबर एक नीदरलैंड्स अंतिम मैच में इंग्लैंड को परास्त करे।
Moments from the Indian Men’s Team’s Pool E clash against Argentina at the FIH Hockey World Cup Belgium & Netherlands 2026. 📸
Sukhjeet Singh scored twice, while Hardik Singh added India’s third goal in the 3–5 result. #HockeyIndia #IndiaKaGame #HWC2026 #INDvsARG pic.twitter.com/A6qZQapYro
— Hockey India (@TheHockeyIndia) August 24, 2026
पहले छह मिनट के भीतर ही भारत पर चढ़ गए 2 गोल
फिलहाल हरमनप्रीत सिंह एंड कम्पनी की उम्मीदें धरी की धरी रह गईं क्योंकि टीम पहले छह मिनट में ही दो गोल खा बैठी और इस दबाव से कभी निकल ही नहीं सकी। खराब पासिंग, गेंद पर कब्जा गंवाने और डिफेंस में ढिलाई का खामियाजा भारत को भुगतना पड़ा। आखिर में भारत ने दो मिनट के भीतर दो गोल किए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नीदरलैंड्स-इंग्लैंड 2-2 बराबर, अर्जेंटीना ने पूरी की सेमीफाइनल लाइनअप
दूसरी तरफ भारत पर जीत के बावजूद अर्जेंटीना की सांसें विश्व नंबर एक नीदरलैंड्स बनाम विश्व नंबर चार इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पूल के अंतिम मैच पर टिकी हुई थीं। दरअसल, सेमीफाइनल में पहले ही पहुंच चुकी डच टीम की जीत या बराबरी से अर्जेंटीना (छह अंक) का अंतिम चार का रास्ता खुल रहा था। लेकिन इंग्लैंड की जीत की स्थिति में अर्जेंटीना व इंग्लैंड में बेहतर गोल औसत वाली टीम सेमीफाइनल लाइनअप पूरी करती।
फिलहाल नीदरलैंड्स ने शुरुआती 29 मिनट तक एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी की और मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटने के साथ ही अर्जेंटीना की बांछें खिल उठीं क्योंकि उसने नीदरलैंड्स (सात अंक) को बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल लाइनअप पूरी कर ली।
पूल एफ से जर्मनी व स्पेन सेमीफाइनल में, सह मेजबान बेल्जियम बाहर
इससे पहले विश्व नंबर छह स्पेन ने पूल एफ में विश्व नंबर दो बेल्जियम के साथ 1-1 की बराबरी का मुकाबला खेलने के साथ सह मेजबानों को जहां बाहर का रास्ता दिखाया वहीं खुद मौजूदा चैम्पियन व विश्व नंबर तीन जर्मनी (छह अंक) के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। स्पेन व विश्व नंबर पांच ऑस्ट्रेलिया के बराबर चार-चार अंक थे। लेकिन गोल औसत में ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे स्थान पर पिछड़कर दौड़ से बाहर हो गई। बेल्जियम (दो अंक) चौथे स्थान पर रहकर बाहर हुआ।
भारत अब बेल्जियम से सातवें व आठवें स्थान का वर्गीकरण मैच खेलेगा
भारत चूंकि अपने पूल में खाता खोले बिन चौथे स्थान पर रहा, लिहाजा अब वह पूल एफ में चौथे स्थान पर रहे बेल्जियम से सातवें व आठवें स्थान के निर्धारण के लिए 28 अगस्त को खेलेगा जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम पांचवें व छठे स्थान के लिए इंग्लैंड से खेलेगी। उसी दिन सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स की स्पेन और जर्मनी की अर्जेंटीना से टक्कर होगी।
अर्जंटीना ने एफआईएच प्रो लीग वाला दबदबा कायम रखा
देखा जाए तो इस वर्ष राउरकेला में एफआईएच प्रो लीग में भारत को 8-0 और 4-2 से हराने वाली अर्जेंटीनी टीम ने उसी दबदबे को कायम रखा। पहले हाफ तक 2-1 से आगे रहे अर्जेंटीना के लिए जोकिन टोस्कानी (पहला मिनट), निकोलस डेल्ला टोरे (छठा मिनट), टोमास डोमेन (33वां और 45वां मिनट) और लुकास टोस्कानी (53वां मिनट) ने गोल दागे।
भारत ने सभी 7 शॉर्ट कॉर्नर गंवाए, सुखजीत ने किए दो जमीनी गोल
वहीं भारत के लिए सुखजीत सिंह (10वां और 58वां मिनट) ने दो फील्ड गोल किए और हार्दिक सिंह ने 59वें मिनट में मिले पेनाल्टी स्ट्रोक भुनाने के साथ हार का अंतर तनिक और कम किया। नीदरलैंड्स ने तीन पेनाल्टी कॉर्नर में एक भुनाया तो भारत ने सभी सात शॉर्ट कॉर्नर गंवा दिए।
महिला वर्ग में भी सेमीफाइनल लाइनअप तय
उधर महिला वर्ग में भी अर्जेंटीना बनाम बेल्जियम मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटने के साथ ही सेमीफाइनल लाइनअप तय हो गई। अब दो दिनों के विश्राम के बाद 27 अगस्त को नीदरलैंड्स की बेल्जियम और अर्जेंटीना की ऑस्ट्रेलिया से टक्कर होगी।
भारतीय महिलाएं जर्मनी से पांचवें व छठे स्थान का वर्गीकरण मैच खेलेंगी
वहीं भारतीय महिलाएं उसी दिन पांचवें व छठे स्थान के निर्धारण के लिए जर्मनी से सामना करेंगी जबकि चीन व स्पेन के मुकाबले से सातवें व आठवें स्थान का निर्धारण होगा।


