कोलंबो टेस्ट : पडिक्कल के बाद जुरेल ने ठोका नाबाद शतक, विशाल स्कोर के गहरे दबाव में धंसा श्रीलंका

कोलंबो, 24 अगस्त। सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर पहले दिन यदि देवदत्त पडिक्कल के बल्ले से लगातार दूसरा शतक निकला था तो सोमवार को ध्रुव जुरेल ने कमान संभाली। आगरा के इस 25 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज की नाबाद शतकीय पारी (115 रन, 177 गेंद, 291 मिनट, दो छक्के, 17 चौके) और सहयोगी बल्लेबाजों संग उपयेगी साझेदारियों का यह नतीजा रहा कि दूसरे व अंतिम टेस्ट के बारिश प्रभावित दूसरे दिन टीम इंडिया ने अंतिम घंटे में 9-503 पर अपनी पहली पारी घोषित की।

मेहमानों ने 9-503 पर घोषित की पारी, मेजबानों की शुरुआत बिगड़ी

सीरीज में 0-1 से पिछड़ी श्रीलंकाई टीम मेहमानों के विशाल स्कोर के सामने इस कदर धंसी कि बारिश व फिर कम प्रकाश के चलते स्टंप्स तक संभव हुए तीन ओवरों के खेल में आठ रनों के योग पर दो बल्लेबाज लौट चुके थे। पेसर प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे ही ओवर में लाहिरु उदारा (एक रन) को तीसरी स्लिप में यशस्वी जायसवाल से कैच कराया तो वामहस्त स्पिनर मानव सुथार ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर प्रबाथ जयसूर्या (दो रन) को पगबाधा कर दिया। कामिल मिशारा पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

गॉल टेस्ट में 165 रनों की बड़ी पराजय सहने वाली मेजबान टीम 495 रन पीछे है। इसमें कोई दो राय नहीं कि यदि मौसम ने साथ दिया तो गॉल के, जहां मानव सुथार का परफेक्ट 10 दिखा था, बाद यहां भी भारतीय गेंदबाजों का जलवा दिखना तय है। यानी फॉलोऑन बचाने के लिए श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कड़ी मेहनत करनी होगी।

ध्रुव व पंत के बीच सातवें विकेट के लिए 112 रनों की भागीदारी

इसके पूर्व 5-300 से आगे बढ़ी भारतीय पारी की बात करें तो दिन का मुख्य आकर्षण जुरेल की शानदार बल्लेबाजी रही, जिन्होंने तीन अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने सातवें विकेट के लिए ऋषभ पंत (63 रन, 89 गेंद, 138 मिनट, दो छक्के, छह चौके) के साथ 112 रन जोड़े। फिर मानव सुथार (18 रन, 51 गेंद, 57 मिनट, दो चौके) के साथ आठवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी की और मो. सिराज (तीन रन) को सामने वाले छोर पर खड़ा कर 31 रनों की साझेदारी के बीच अपना दूसरा शतक पूरा करने के साथ टीम को 500 के निकट पहुंचा दिया। ध्रुव संग प्रसिद्ध कृष्णा (नाबाद 4) ने स्कोर 500 के पार पहुंचाया, तभी कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित कर दी।

हालांकि जुरेल संग पिछली शाम के नाबाद बल्लेबाज प्रथम प्रवेशी सारांश जैन (छह रन) दिन के दूसरे ही ओवर में असिथा फर्नांडो (4-106) की गेंद पर लौट गए। लेकिन सोमवार को बाईं कलाई में चोट खाकर पैवेलियन लौटने के लिए बाध्य ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए तो जुरेल ने उन्हें ज्यादा स्ट्राइक देने की रणनीति अपनाई। दोनों ने दृढ़प्रतिज्ञ बल्लेबाजी से अपने अर्धशतक पूरे किए और शतकीय भागीदारी के बीच लंच तक स्कोर 419 रनों तक पहुंचाया।

स्कोर कार्ड

लेकिन दूसरे सत्र की पहली ही गेंद पर स्पिनर केशारा नुवांथा (2-154) ने पंत को मायूस कर दिया। फिलहाल जुरेल ने इसके बाद सुथार, सिराज व प्रसिद्ध का सहयोग पाकर भारत को 500 रनों के पार पहुंचाया। हालांकि बारिश ने निर्धारित चाय के समय से करीब 30 मिनट पहले खेल रोक दिया और उस समय जुरेल 95 रन पर नाबाद थे।

बांह पर बना टैटू ‘जय जवान, जय किसान’ दिखाकर शतक का जश्न

करीब दो घंटे की रुकावट के बाद खेल शुरू हुआ तो जुरेल ने फर्नांडो की गेंद पर दौड़कर एक रन लेते हुए 171 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और हेलमेट उतारकर ड्रेसिंग रूम की ओर अपनी बांह पर बना टैटू दिखाया। उस पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध शब्द ‘जय जवान, जय किसान’ लिखा था। उन्होंने अगली ही गेंद पर छक्के से अपने शतक का जश्न भी मनाया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular