ICC महिला टी20 विश्व कप : सेमीफाइनल का टिकट नहीं पा सका भारत, अंतिम लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मायूस

लंदन, 28 जून। ICC एक दिनी चैम्पियन भारतीय टीम महिला टी20 विश्व कप में अपना प्रदर्शन नहीं दोहरा सकी और एलिस पेरी (56 रन, 38 गेंद, आठ चौके) व एश्ली गार्डनर (नाबाद 53 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों के सहारे छह बार के पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां छह गेंदों के शेष रहते छह विकेट की जीत के सहारे उसे ग्रुप चरण से ही बाहर कर दिया।

हरमनप्रीत के पचासे पर भारी पड़ीं एलिस पेरी व एश्ली गार्डनर

दर्शकों से खचाखच भरे ऐतिहासिक लार्ड्स ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के आक्रामक अर्धशतक (56 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) व अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से चार विकेट पर 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पेरी व गार्डनर ज्यादा ही भारी साबित हुईं और ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवरों में चार विकेट पर 172 रन बना लिए।

ग्रुप एक से ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में

यह लगातार दूसरा टी20 विश्व कप है, जब ऑस्ट्रेलिया से अपना आखिरी लीग मैच हारने के बाद भारत नॉकआउट में जगह नहीं बना सका। भारत की हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया और पिछले दो बार के उपजेता दक्षिण अफ्रीका ग्रुप एक से सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं और मंगलवार व गुरुवार को द ओवल में क्रमशः वेस्टइंडीज व इंग्लैंड का सामना करेंगे।

दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश मैच का स्कोर कार्ड

दक्षिण अफ्रीका ने आज ही खेले गए अपने पांचवें व अंतिम लीग में बांग्लादेश को चार विकेट से हराकर आठ अंकों के साथ अजेय ऑस्ट्रेलिया (10 अंक) के पीछे दूसरा स्थान हासिल किया। भारत तीन जीत व दो पराजयों के चलते छह अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहकर बाहर हुआ।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने खेल के ज्यादातर हिस्से में दबदबा बनाए रखा, हालांकि फील्डिंग में कुछ गलतियां भी हुईं। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने भारत को लगभग 18 ओवरों तक रोककर रखा, लेकिन हरमनप्रीत की तूफानी पारी से भारत प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल हो गया।

फोबे लिचफील्ड व बेथ मूनी ने दूसरे विकेट पर जोड़े 50 रन

वहीं ऑस्ट्रेलिया ने फोबे लिचफील्ड (24 रन, 25 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व बेथ मूनी (22 रन, 20 गेंद, दो चौके) की सधी हुई बल्लेबाजी और उनके बीच दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर हुई 50 रनों की साझेदारी से लक्ष्य का बखूबी पीछा किया।

पेरी व गार्डनर ने 59 गेंदों पर तूफानी अंदाज में ठोक दिए 100 रन

इसके बाद पेरी व गार्डनर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने भारतीय स्पिनरों के खिलाफ अर्धशतक जड़े, लगातार गैप में शॉट खेले और गार्डनर ने बीच-बीच में बड़े छक्के भी लगाए, जिससे भारतीय दर्शकों का शोर थम गया। इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए सिर्फ 59 गेंदों पर 100 रनों की बहुमूल्य भागीदारी आ गई।

स्कोर कार्ड

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी छह ओवरों में 62 रनों की दरकार थी और फिर 24 गेंदों पर 34 रनों की जरूरत थी। लेकिन अपना 10वां विश्व कप खेल रही पेरी व गार्डनर ने चुनौती स्वीकार की और 18वें ओवर में रेणुका सिंह के खिलाफ 17 रन ठोक दिए, जिससे समीकरण 18 गेंदों पर 17 रनों का रह गया। हालांकि पेरी 19वें ओवर में श्री चरणी (2-32) की शिकार बन गईं (4-168)। फिलहाल उसी ओवर की अंतिम गेंद पर जॉर्जिया वेयरहम ने विजयी चौका जड़ दिया।

ओपनरद्वय स्मृति व शेफाली ने 55 गेंदों पर जोड़े 66 रन

इससे पहले भारत की शुरूआत अच्छी रही और स्मृति मंधाना (38 रन, 37 गेंद, छह चौके) व शेफाली वर्मा (34 रन, 26 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) की सलामी जोड़ी ने 55 गेंदों पर 66 रनों की ठोस साझेदारी कर दी। दोनों हालांकि तेजी से रन नहीं बना सकीं और रनरेट कभी सात के ऊपर नहीं गया।

भारत ने पॉवरप्ले में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए थे। इसके बाद शेफाली ने आक्रामक खेलने की कोशिश की लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठी। उधर मंधाना भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और जेमिमा रॉड्रिग्स (34 गेंद, 28 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ हुई गलतफहमी के कारण रन आउट हो गईं।

जेमिमा व हरमनप्रीत के बीच 64 रनों की भागीदारी

जेमिमा ने मोलिनू को चौका लगाकर शुरुआत की लेकिन बाकी पारी में वह लय कायम नहीं रख सकी। वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की नायिका रहीं जेमिमा को 27 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला। तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड की अगली गेंद पर उन्होंने डीप में छक्का लगाया। हरमनप्रीत संग 45 गेंदों पर 64 रन जोड़ने के बाद वह आखिरी ओवर से पहले रिटायर्ड हर्ट हो गईं।

हरमनप्रीत ने हालांकि तेजी से रन बनाते हुए 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर में मोलिनू (2-46) के खिलाफ कुल 23 रन बने, जिसमें हरमनप्रीत ने लगातार तीन छक्के जड़े और पांचवीं गेंद पर आउट हुईं।

RELATED ARTICLES

Most Popular