Homeहिन्दीहैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन : अध्यक्ष मो. अजहरुद्दीन अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त,...

हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन : अध्यक्ष मो. अजहरुद्दीन अनुशासनहीनता के आरोप में बर्खास्त, सदस्यता भी रद

हैदराबाद17 जून। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) की एपेक्स काउंसिल ने पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को अनुशासनहीनता सहित अन्य आरोपों में एचसीए के अध्यक्ष पद से बर्खास्त करने के साथ ही उनकी सदस्यता भी रद कर दी है।

एपेक्स काउंसिल ने एक बयान में कहा, ‘अजहरुद्दीन के खिलाफ सदस्यों की शिकायतों पर विचार करने के बाद इस महीने एपेक्स काउंसिल की बैठक में कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया था कि अजहर ने नियमों के विपरीत काम किया है।’ काउंसिल ने साथ ही यह भी कहा है कि लंबित मामले सुलझने तक अजहर पर यह पाबंदी जारी रहेगी।

  • अजहर के खिलाफ जारी की गई थी कारण बताओ नोटिस

एपेक्स काउंसिल ने इससे पहले अजहर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी की थी। उन पर अन्य राज्य क्रिकेट संघों के सामने एचसीए की गरिमा कम करने और एसोसिएशन के नियमों के खिलाफ निर्णय लेने आरोप थे। शीर्ष परिषद ने घोषणा की थी कि वह एचसीए में अजहर की सदस्यता रद करने के साथ उनको निलंबित करती है क्योंकि उनके खिलाफ मामले लंबित हैं।

  • एचसीए के कामकाज में बाधा डालने का आरोप

वस्तुतः अजहर के खिलाफ मुख्य शिकायत यह है कि उन्होंने एचसीए के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश की। उनपर आरोप है कि केनरा बैंक की दिलसुखनगर स्थित शाखा में संचालित एचसीए के बैंक खाते से वह जान बूझकर एचसीए के सभी लेनदेन रोकने की कोशिश कर रहे थे। वह एपेक्स काउंसिल के वित्तीय दायित्वों के निर्वहन में भी बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे। एचसीए एपेक्स काउंसिल का कहन है कि अजहर में अनुशासनहीनता थी, जो संस्था और क्रिकेट के हितों के खिलाफ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments