1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. किसानों का दिल्ली कूच : शंभू बॉर्डर पर जबर्दस्त बवाल, किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले, RAF के कई जवान घायल  
किसानों का दिल्ली कूच : शंभू बॉर्डर पर जबर्दस्त बवाल, किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले, RAF के कई जवान घायल  

किसानों का दिल्ली कूच : शंभू बॉर्डर पर जबर्दस्त बवाल, किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले, RAF के कई जवान घायल  

0
Social Share

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 13 फरवरी। फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों के दिल्ली कूच के दौरान मंगलवार को हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा पर जबर्दस्त बवाल हुआ। किसानों ने आगे बढ़ने के लिए जहां फ्लाईओवर का सेफ्टी बैरियर तोड़ दिया वहीं पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के गोले छोड़ने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया

किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स के कुछ जवान घायल हो गए। घायल जवानों को अंबाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहीं जींद में भी किसान और जवानों के बीच झड़प हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा पुलिस पर भारी पथराव किया, जिसके जवाब में हरियाणा पुलिस ने वॉटर कैनन तथा अश्रु गैस का इस्तेमाल करके स्थिति को नियंत्रण में लिया। कानून सभी के लिए समान है और हम सभी को इसका सम्मान करना चाहिए। प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव फैलाने की अनुमति किसी को नहीं है। ऐसे लोगों पर विधि अनुसार काररवाई की जाएगी।’

गौरतलब है कि सोमवार दो केंद्रीय मंत्रियों – पीयूष गोयल व अर्जुन मुंडा के साथ बैठक बेनतीजा रहने के बाद पंजाब से किसानों ने मंगलवार को सुबह अपना ‘दिल्ली चलो’ मार्च शुरू किया था। इसके साथ ही किसानों की अंबाला-शंभू, खनौरी-जींद और डबवाली सीमाओं से दिल्ली की ओर कूच किया। कई किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ फतेहगढ़ साहिब से पूर्वाह्न करीब 10 बजे मार्च शुरू किया और वे शंभू सीमा के जरिए दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस से उनकी झड़प हुई।

दिल्ली पुलिस की ओर से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता के जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं और दिल्ली में कई जगहों पर धारा 144 लागू हैं। इसको देखते हुए दिल्ली-नोएडा-दिल्ली रोड पर भारी जाम लग चूका है। इसके साथ ही आज सिंघु बॉर्डर पर भी फ्लाईओवर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। सीमेंट के बैरिकेड मशीनों के जरिए लगा दिए गए हैं और RAF को नेशनल हाईवे पर तैनात कर दिया गया है।

दिल्ली कूच करने से पहले किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एलान किया था, ’10 बजे दिल्ली बॉर्डर की तरफ कूच करेंगे। सरकार गोली और लाठी मारे हम रुकेंगे नहीं। शांति से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। हम टकराव नहीं चाहते हैं। सरकार सिर्फ टाइम पास कर रही है। हम कोई लेफ्ट नहीं है और न ही किसी के समर्थक हैं।’ उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि आज की नीतियों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code