भारतीय महिलाओं का जिम्बाब्वे के खिलाफ एक दिनी सीरीज में भी क्लीन स्वीप

वडोदरा, 28 अक्टूबर। भारतीय महिलाओं ने कमजोर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 के बाद एक दिनी सिरीज में भी लगातार एकतररफा जीत के साथ क्लीन स्वीप (3-0) हासिल कर लिया। इस क्रम में बुधवार को यहां कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए तीसरे व अंतिम एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मेजबानों ने गेंदबाजी व बल्लेबाजी में समग्र प्रदर्शन की मदद से 33 ओवरों के शेष रहते आठ विकेट की बड़ी जीत हासिल की।

वैष्णवी (5-39) का करिअर बेस्ट प्रदर्शन, जिम्बाब्वे 131 रनों पर सिमटा

भारत की एकतरफा जीत में वामहस्त स्पिनर वैष्णवी शर्मा, प्रतिका रावल व शेफाली वर्मा ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। 20 वर्षीय वैष्णवी ने करिअर के तीसरे मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहली बार पंजा (5-39) जड़ा तो उनकी सहयोगी गेंदबाज – सयाली सतघारे (2-11) व क्रांति गौड़ (2-23) भी निशाने पर रहीं। इसका परिणाम यह हुआ कि जिम्बाब्वे की पारी 39.5 ओवरो में 131 रनों पर जा सिमटी।

प्रतिका व शेफाली के नाबाद अर्धशतकों से तय हुई आसान जीत

कमजोर लक्ष्य के सामने प्रतिका रावल (नाबाद 59 रन, 56 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) व शेफाली वर्मा (नाबाद 51 रन, 26 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) ने ज्यादा वक्त जाया नहीं किया और उनकी टीम ने 17 ओवरों में सिर्फ दो विकेट खोकर 133 रन बना लिए।

प्रतिका व हरनील ने 51 गेंदों पर जोड़े 59 रन

दरअसल, जिम्बाब्वे को इस सीरीज के उसके न्यूनतम स्कोर पर रोकने के बाद भारत के पास प्रयोग करने का पूरा मौका था। इस क्रम में दो वर्षों बाद वनडे खेल रहीं यास्तिका भाटिया ने पारी की शुरुआत की, लेकिन वह पारी की पहली ही गेंद पर नोमवेलो शिबांडा की शिकार हो गईं। सीरीज का अपना पहला मैच खेल रही हरलीन देओल भी तीसरे नंबर पर उतरने के बाद 19 गेंदों पर सिर्फ 19 रन (चार चौके) ही बना सकीं। हालांकि तब तक प्रतिका उनके संग 51 गेंदों पर 59 रन जोड़ चुकी थीं।

शेफाली व प्रतिका के बीच 50 गेंदों पर अटूट 74 रनों की भागीदारी

वहीं प्रतिका का साथ देने के लिए करिअर में पहली बार चौथे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं शेफाली वर्मा ने भी तत्काल रफ्तार पकड़ ली। दोनों ने 50 गेंदों पर अटूट 74 रनों की साझेदारी से दल की जीत सुनिश्चित की और मैच में कप्तान स्मृति मंधाना की बल्लेबाजी की जरूरत ही नहीं पड़ी। सीरीज में एक नाबाद शतक व दो अर्धशतकों सहित 220 रन बनाने वालीं प्रतिका को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही संघर्ष पर बाध्य हो गई। क्रांति, सयाली व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ वैष्णवी के सामने 10 ओवरों में तीन विकेट पर सिर्फ 30 रन बन सके थे। ओपनर मोडेस्टर मुपाचिकवा (37 रन, 48 गेंद, सात चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहीं जबकि 4-52 के बाद कप्तान जोसफिन नकोमो (35 रन, 67 गेंद, चार चौके) व चिजा धुरुरु (20 रन, 39 गेंद, चार चौके) 43 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी की। टीम की अंतिम छह बल्लेबाज 36 रनों की वृद्धि पर लौट गईं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular