RSS प्रमुख के कार्यक्रम से पहले हिंदू संगठनों का सुरक्षा अलर्ट, ममदानी से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

वॉशिंगटन, 27 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम से पहले दो हिंदू-अमेरिकी संगठनों ने सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। संगठनों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के साथ-साथ न्यूयॉर्क के हिंदू मंदिरों और सामुदायिक संस्थानों से भी सतर्क रहने की अपील की है। कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन और इसे रद्द करने की मांग के बीच यह सलाह जारी की गई है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने 29 अगस्त को होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ से पहले बुधवार को कम्युनिटी एडवाइजरी जारी की। संगठन ने लोगों से आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और शांतिपूर्ण एवं सभ्य व्यवहार करने की अपील की।

HAF ने कहा- किसी टकराव में न पड़ें

HAF के मुताबिक, कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से कार्यक्रम को बाधित करने और रद्द कराने की कोशिश की जा रही है। संगठन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से अपील की कि वह कार्यक्रम में आने वाले लोगों समेत सभी न्यूयॉर्क निवासियों की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करें। हालांकि, संगठन ने किसी विशेष खतरे का उल्लेख नहीं किया है। उसने यह भी नहीं कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों ने किसी विशिष्ट सुरक्षा जोखिम की पुष्टि की है।

एडवाइजरी में लोगों से प्रदर्शनकारियों के शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने और अपनी राय व्यक्त करने के अधिकार का सम्मान करने को कहा गया है। साथ ही, उकसाने वाले या धमकी भरे बयानों पर प्रतिक्रिया देने और किसी तरह के टकराव से बचने की सलाह दी गई है। संगठन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को खतरा महसूस हो तो वह तत्काल वहां से हट जाए और कार्यक्रम की सुरक्षा टीम या पुलिस से संपर्क करे। आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी गई है।

मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों को भी सतर्क रहने की सलाह

HAF ने कार्यक्रम में शामिल लोगों से धमकी, तोड़फोड़, कथित घृणा-आधारित घटनाओं या किसी अन्य अपराध की जानकारी सुरक्षा कर्मियों अथवा कानून-व्यवस्था एजेंसियों को देने की अपील की है। संगठन ने न्यूयॉर्क के हिंदू मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों से भी बड़े कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है।

हिंदूएक्शन ने भी जारी की एडवाइजरी

एक अन्य संगठन हिंदूएक्शन ने भी इसी तरह की सुरक्षा सलाह जारी की है। संगठन ने न्यूयॉर्क के हिंदू समुदाय और मोहन भागवत की यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों से किसी भी धमकी, उत्पीड़न या भेदभावपूर्ण व्यवहार का रिकॉर्ड रखने को कहा है। संगठन के मुताबिक, ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल न्यूयॉर्क पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दी जानी चाहिए। साथ ही लोगों से सुरक्षित रहने और एक-दूसरे का ध्यान रखने की अपील की गई है।

USCIRF ने भी जताई चिंता

यह सुरक्षा एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी आयोग ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम (USCIRF) ने मोहन भागवत की अमेरिका यात्रा को लेकर चिंता जताई है। आयोग ने अमेरिकी सरकार से RSS के सदस्यों और कुछ भारतीय अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने की संभावना पर विचार करने का आग्रह किया है। भारत इससे पहले भी USCIRF की धार्मिक स्वतंत्रता से संबंधित रिपोर्टों और आकलनों को पक्षपातपूर्ण बताते हुए खारिज करता रहा है और इन्हें अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करार देता रहा है।

कार्यक्रम रद्द करने की मांग

इस बीच, सिएटल सिटी काउंसिल की पूर्व सदस्य क्षमा सावंत ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम को रोकने की मांग की है। उन्होंने हिंदू मानवाधिकार संगठन, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल और अन्य संगठनों को कार्यक्रम के विरोध में अभियान चलाने के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, मेयर ममदानी ने कहा है कि वह कार्यक्रम के विरोध में हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार शहर प्रशासन के पास है या नहीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular