नई दिल्ली, 27 नवम्बर। केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन महत्वपूर्ण बिलों को मंजूरी दे दी। इनमें 131वां (या संशोधित) संविधान संशोधन बिल, परिसीमन बिल और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित बिल शामिल हैं। इनका मकसद 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करना और संसद की सीटों का विस्तार करना है। 30 नवम्बर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इन बिलों को पेश किया जाएगा।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार ने इस विधेयक में दो अहम बदलाव किए हैं। पहला, लोकसभा सीटों की संख्या में एक समान 50% की बढ़ोतरी करना, यह कदम दक्षिणी राज्यों की एक प्रमुख मांग के अनुरूप है। दूसरा लोकसभा में हर राज्य की सीटों की संख्या तय करने के लिए 1971 की जनगणना को आधार मानने की व्यवस्था को अगले 25 सालों के लिए और बढ़ा देना।
सरकार के सूत्रों की मानें तो नए फॉर्मूले के अनुसार लोकसभा सीटों की संख्या 1971 की जनगणना पर आधारित मौजूदा हिस्से के आधार पर तय होगी और हर राज्य की मौजूदा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे राज्यों का परस्पर प्रतिनिधित्व का हिस्सा 2051 तक फ्रीज रहेगा।
नई सीटों की बाउंड्री (सीमांकन/demarcation) का आधार 2011 की जनगणना होगी। इस व्यवस्था को दक्षिणी राज्यों की चिंता को देखते हुए किया गया है ताकि उनका समाधान हो सके, जो जनसंख्या आधारित पुनर्वितरण से अपने हिस्से में कमी को लेकर डरे हुए हैं।
इस परिसीमन बिल के पारित होने के बाद लोकसभा की मौजूदा ताकत 543 से बढ़कर करीब 815 से 850 सीटों तक पहुंचने का अनुमान है जिनमें राज्यों से 815 तक और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 तक बढ़ सकती हैं। इसके अलावा विधानसभाओं में भी अधिकतम विधायकों की संख्या 650 तक बढ़ाने का प्रावधान है ताकि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों का बंटवारा न करना पड़े।
महिला आरक्षण, 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा है और इन बिलों के जरिए इसे जल्दी लागू करने का रास्ता साफ होगा। अप्रैल, 2026 में भी सरकार ने ऐसा ही प्रयास किया था लेकिन यह बिल विपक्ष की वजह से गिर गया था और लोकसभा में 298-230 मतों से गिर गया था क्योंकि दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था। सूत्रों की मानें तो अब सरकार को भरोसा है कि जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल हो जाएगा।
विशेष सत्र में दो-तिहाई बहुमत की परीक्षा
पार्टी सूत्रों के मुताबिक डीएमके (तमिलनाडु का करीब 7.2 फीसदी हिस्सा सुरक्षित रखने की शर्त पर), वाईएसआरसीपी (क्षेत्रीय संतुलन की गारंटी पर), NCP (शरद पवार गुट) और कुछ अन्य विपक्षी दलों से समर्थन के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि सुप्रिया सुले ने बिल देखने के बाद फैसला लेने की बात कही है जबकि वाईएसआरसीपी ने क्षेत्रीय संतुलन की शर्त रखी है।
संसदीय कार्यक्रम के अनुसार संसद के विशेष सत्र में सोमवार (30 नवम्बर) पूर्वाह्न 10 बजे लोकसभा की कार्यमंत्रणा समिति (Business Advisory Committee) की बैठक होगी, जिसमें फ्लोर लीडर्स शामिल होंगे। लोकसभा में 10 से 12 घंटे की चर्चा का अनुमान है। बिल 30 नवम्बर को लोकसभा में पेश होगा और उस पर वोटिंग एक दिसम्बर अपराह्न चार बजे हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार परिसीमन से जुड़े पुराने दो बिलों को सरकार सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे वापस ले लेगी। वहीं राज्यसभा की बैठक दो दिसम्बर से शुरू होगी और विशेष सत्र तीन दिसम्बर तक चलेगा। यह कदम दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को दूर करते हुए महिला आरक्षण और बड़े संसद के लक्ष्य को भी आगे बढ़ाएगा। हालांकि विपक्ष अभी बिल के फाइनल प्रिंट की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन सूत्रों की मानें तो सरकार को समर्थन जुटाने में सफलता मिलती दिख रही है।


