Stock Market : हरे निशान में खुला बाजार, सेंसेक्स 104 अंक मजबूत; निफ्टी 24,277 के पार

मुंबई, 27 अगस्त। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 103.82 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,576.76 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 69.85 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,277.60 पर कारोबार करता नजर आया।शुरुआती कारोबार में बाजार को बैंकिंग शेयरों से मजबूत सहारा मिला। निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी मेटल प्रमुख बढ़त वाले सेक्टर इंडेक्स रहे। इसके अलावा निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी कमोडिटीज समेत ज्यादातर सेक्टर इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी

लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 265.50 अंक यानी 0.41 प्रतिशत चढ़कर 64,335.20 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 61.65 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,123.05 पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के इन शेयरों में दिखी बढ़त

सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, बीईएल, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, इंफोसिस, टीसीएस, एमएंडएम और एलएंडटी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचयूएल, एसबीआई, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट में कमजोरी देखने को मिली।

भू-राजनीतिक तनाव से बाजार पर दबाव की आशंका

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों पर भू-राजनीतिक तनाव का असर अभी भी बना हुआ है। अमेरिका-ईरान तनाव के साथ रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़ी खबरें भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही हैं। जानकारों का कहना है कि गेहूं की कीमतों में तेजी का असर महंगाई पर पड़ सकता है और आगे चलकर इसका प्रभाव ब्याज दरों पर भी दिखाई दे सकता है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में कुछ नरमी आई है, लेकिन वे अभी भी ऊंचे स्तर पर हैं। ऐसे में बाजार की तेजी पर दबाव बना रह सकता है।

एशियाई बाजारों में भी तेजी

गुरुवार को ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी का रुख रहा। टोक्यो, शंघाई, ताइपे, सोल और जकार्ता के प्रमुख बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। हालांकि, इससे पहले बुधवार को अमेरिकी बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए। डॉव जोन्स में 0.21 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.08 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

एफआईआई और डीआईआई ने किया निवेश

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 502.63 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इस दौरान 6,425.16 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular