मुंबई, 27 नवम्बर। कांग्रेस ने शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) यानी NCP-SP के परिसमीन विधेयक को समर्थन करने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा है कि ऐसा फैसला इंडी गठबंधन की बैठक में लिया जाना चाहिए था।
समय के साथ साफ हो जाएगा – ‘राजनीतिक दबाव है या रणनीति’
NCP-SP नेता जितेंद्र आह्वाड के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने इस फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि शरद पवार का राजनीतिक सफर हमेशा धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा रहा है। विपक्ष की एकता और सामूहिक निर्णय लेने के महत्व पर जोर देते हुए सावंत ने कहा, ‘NCP-SP का यह फैसला दबाव में लिया गया है या इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है, यह समय के साथ साफ हो जाएगा।’
विधेयक के पीछे सरकार की मंशा नेक नहीं – सचिन सावंत
सावंत ने यह भी कहा कि इस विधेयक के पीछे सरकार की मंशा नेक नहीं है बल्कि इसका मकसद सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत करना है। उन्होंने नई जनगणना (सेंसस) के बिना इस तरह की कवायद करने के औचित्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया, “इसे ‘जेरीमेंडरिंग’ कहा जाता है। इसमें कोई शक नहीं है कि सरकार राष्ट्रीय स्तर पर भी यही प्रयोग दोहराना चाहती है।’ जेरीमेंडरिंग का मतलब है किसी राजनीतिक दल को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए जान बूझकर चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में फेरबदल करना।
अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात के बाद आह्वाड ने समर्थन का किया एलान
इसके पूर्व दिन में NCP-SP शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी नेता जितेंद्र आह्वाड ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधायक का समर्थन करने का फैसला किया है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर, जहां शरद पवार भर्ती हैं, आह्वाड ने कहा, ‘यह चर्चा हमारी पार्टी के आधिकारिक रुख के बारे में नहीं थी। मुख्य बात यह थी कि परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है। परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है, और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे। हम परिसीमन का समर्थन करेंगे।’
बिल का विरोध करना जल्दबाजी : सुप्रिया सुले
वहीं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने गुरुवार को केंद्र के प्रस्ताव पर नरम रुख अपनाते हुए कहा था कि कानून की पूरी जानकारी सामने आने से पहले ही उसका विरोध करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा था, ‘बिल को आने दीजिए। हो सकता है कि परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) में कुछ अच्छा भी हो।’
सुले ने कहा, ‘कोई विधेयक देश के हित में है या नहीं, इस पर विचार किए बिना सिर्फ इसलिए विरोध करना कि आप विपक्ष में हैं, या आंख मूंदकर समर्थन करना क्योंकि आप सत्ता में हैं, यह एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गलत है। हर बात का विरोध करना जरूरी नहीं है। हम सुधार के सुझाव भी दे सकते हैं और बता सकते हैं कि क्या बदलाव किए जाने चाहिए। हो सकता है कि इसमें कुछ अच्छा हो।’
I.N.D.I.A. की बैठक में भी शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले
इस बीच सुले ने शुक्रवार को यह भी बताया कि वह शनिवार को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी। इस बैठक में संसद के विशेष सत्र के लिए विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होनी थी। सुले ने बताया कि उनके पिता शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगी।
NCP-SP ने ह्विप जारी कर सांसदों को दिया निर्देश
इसी क्रम NCP-SP ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए एक ह्विप भी जारी किया है, जिसमें उन्हें 30 नवम्बर से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। एनसीपी (एसपी) के पास आठ लोकसभा सांसद हैं। पार्टी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन को पारित करने के लिए जरूरी संख्या बल पर चर्चा चल रही है।
इस तरह के कानून को पारित करने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। 543 सदस्यों वाले सदन में अभी पांच सीटें खाली हैं, जिससे प्रभावी संख्या 538 रह जाती है। इस हिसाब से, दो-तिहाई बहुमत के लिए लगभग 359 वोटों की जरूरत होगी।


