कोलकाता, 29 अगस्त। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की छात्र इकाई तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश की अवहेलना को लेकर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ यहां हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। हेस्टिंग्स पुलिस ने, जो उस दिन के कार्यक्रम की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही थी, खुद यह काररवाई की है।
पुलिस का आरोप है कि ममता के साथ जुड़े तृणमूल गुट ने तय समय के बाद भी कार्यक्रम जारी रखा, जिससे कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन हुआ। यह भी आरोप है कि कैथेड्रल रोड पर जमावड़े के दौरान भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस बैरिकेड हटा दिए और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसवालों से हाथापाई की। इस दौरान कैथेड्रल रोड के एक हिस्से पर ट्रैफिक जाम हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्यक्रम 28 अगस्त को कैथेड्रल रोड पर TMCP के स्थापना दिवस के मौके पर कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के अनुरूप आयोजित किया गया था। कोर्ट ने कार्यक्रम के समय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बारे में खास आदेश दिए थे। लेकिन, खबर है कि कार्यक्रम तय समय पर खत्म नहीं हो पाया।
सब-इंस्पेक्टर अपू बैद्य ने इस घटना के बारे में हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और उनके आरोपों के आधार पर 28 अगस्त को केस दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि कार्यक्रम के लिए कैथेड्रल रोड पर बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जमा हुए थे। स्थिति को संभालने के लिए पहले से पुलिस तैनात की गई थी और बैरिकेड लगाए गए थे। लेकिन प्रोग्राम के दौरान भीड़ ने बैरिकेड हटा दिए। पुलिस का यह भी दावा है कि भीड़ और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसवालों के बीच हाथापाई और कहासुनी हुई।


