Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : हेजलवुड व भुवी ने 75 पर बांधा DC का पुलिंदा, 81 गेंदों के शेष रहते RCB की धमाकेदार जीत

Social Share

नई दिल्ली, 27 अप्रैल।टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के ज्यादातर मैचों में जहां रनों का पहाड़ देखने को मिल रहा है वहीं सोमवार को मौजूदा सत्र का न्यूनतम स्कोर भी सामने आ गया, जब जोश हेजलवुड (4-12) व भुवनेश्वर कुमार (3-5) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सिर्फ 75 रनों पर पुलिंदा बांध दिया, जिसने दो दिन पहले इसी मैदान पर अपना सर्वोच्च स्कोर (2-264) खड़ा किया था।

उसके बाद मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल इतिहास में गेंदों के लिहाज से दूसरा सबसे तेज लक्ष्य हासिल किया और 81 गेंदों के शेष रहते नौ विकेट की धमाकेदार जीत से न सिर्फ दिल्ली से हिसाब चुकता किया वरन अंक तालिका में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

8 के स्कोर पर DC के 6 बल्लेबाज लौट चुके थे

अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य दिल्ली कैपिटल्स की ऐसी हाहाकारी शुरुआत हुई कि क्रिकेट प्रशंसकों ने कल्पना भी नहीं की होगी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हेजलवुड व भुवी के सामने चौथे ओवर तक सिर्फ आठ रनों के भीतर छह बल्लेबाज लौट चुके थे। इनमें प्रथम प्रवेशी साहिल परख (शून्य) से लेकर केएल राहुल (एक रन) तक शामिल थे, जिन्होंने दो दिन पहले ही इसी मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 152 रन ठोकते हुए आईपीएल इतिहास के सर्वोच्च भारतीय स्कोरर बने थे। सस्ते में निबटे अन्य बल्लेबाजों में नीतीश राणा (एक रन), समीर रिजवी (शून्य), ट्रिस्टन स्टब्स (पांच रन, एक चौका) व कप्तान अक्षर पटेल (शून्य) शामिल थे।

पावरप्ले में दिखा 13 रनों का न्यूनतम स्कोर

इसी दौरान आईपीएल इतिहास में पावरप्ले का न्यूनतम स्कोर (13 रन) भी दिख गया। पिछला रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था, जिसने 2009 में आरसीबी के ही खिलाफ दो विकेट पर 14 रन बनाए थे। एकबारगी तो लगा कि आईपीएल इतिहास का न्यूनतम स्कोर भी इसी मैच में बनेगा। अब तक का न्यूनतम स्कोर आरसीबी के नाम दर्ज है, जिसकी पारी 2017 में केकेआर के खिलाफ 9.4 ओवरों में 49 रनों पर बिखर गई थी।

पोरल, मिलर व जैमिसन ने दिल्ली का स्कोर 50 के पार पहुंचाया

फिलहाल सर्वोच्च स्कोरर अभिषेक पोरल (30 रन, 33 गेंद, तीन चौके), डेविड मिलर (19 रन, 18 गेंद, तीन चौके) व पारी का एकलौता छक्का जड़ने वाले काइल जैमिसन (12 रन, 13 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के प्रयासों से टीम 16.3 ओवरों में 75 रनों तक पहुंची, जो उसका आईपीएल में तीसरा सबसे कम स्कोर था। हेजलवुड व भुवी के अलावा रसिख सलाम, सुयश शर्मा व क्रुणाल पंड्या ने आपस में तीन विकेट बांटे।

स्कोर कार्ड

कमजोर लक्ष्य के समक्ष आरसीबी ने 6.3 ओवरों में एक विकेट पर ही 77 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। जैकब बेथेल (20 रन, 11 गेंद, दो छक्के, एक चौका) व विराट कोहली (नाबाद 23 रन, 15 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने तेज शुरुआत की। हालांकि तीसरे ओवर में बेथेल 26 के योग पर जैमिसन के शिकार हो गए।

विराट के 9 हजार रन पूरे, पडिक्कल संग पूरी की जीत की औपचारिकता

लेकिन अपनी पारी के दौरान आईपीएल करिअर में नौ हजार रन पूरे कर लेने वाले पहले बल्लेबाज बने कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (नाबाद 34 रन, 13 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) संग मिलकर अन्य कोई क्षति नहीं होने दी। दोनों ने त्वरित अंदाज में सिर्फ 22 गेंदों पर अटूट 51 रनों की भागीदारी से जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

आरसीबी ने बेंगलुरु में मिली हार का हिसाब बराबर किया

आरसीबी की अब आठ मैचों में छठी जीत से 12 अंक हो गए हैं और वह शीर्षस्थ पंजाब किंग्स (सात मैचों में 13 अंक) से सिर्फ एक अंक पीछे है। दिलचस्प यह है कि गत 18 अप्रैल को बेंगलुरु में दिल्ली कैपिटल्स ने एक गेंद के शेष रहते आरसीबी को छह विकेट से मात दी थी। लेकिन अब रजत पाटीदार की टीम ने दिल्ली से उसके घर में पूरी दमदारी से हिसाब चुकाया। वहीं लगातार तीसरी हार झेलने वाली अक्षर पटेल एंड कम्पनी आठ मैचों में पांचवीं पराजय के बाद छह अंक लेकर सातवें स्थान पर पिछड़ी हुई है।

मंगलवार का मैच : पंजाब किंग्स बनाम राजस्तान रॉयल्स (न्यू चंडीगढ़, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version