1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. मध्य प्रदेश : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह पार्टी विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस से निष्कासित
मध्य प्रदेश : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह पार्टी विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस से निष्कासित

मध्य प्रदेश : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह पार्टी विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस से निष्कासित

0
Social Share

इंदौर, 11 जून। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई व मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘कांग्रेस अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) ने मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों की अवधि के लिए निष्कासित कर दिया है।”

राहुल गांधी व रॉबर्ट वाड्रा को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी की थी

लंबे समय से पार्टी की राजनीति में सक्रिय रहे पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने हाल के दिनों में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी की थी। एआईसीसी ने मंगलवार देर शाम निष्कासन का पत्र जारी किया।

राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की अपरिपक्वता का खामियाजा देश भुगत रहा

दरअसल, कांग्रेस ने यह काररवाई लक्ष्मण सिंह के हालिया बयानों के बाद की है, जिसमें उन्होंने सार्वजनिक मंच से कांग्रेस नेतृत्व पर तीखे आरोप लगाए थे। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद राघोगढ़ में आयोजित शोकसभा में लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ‘राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की अपरिपक्वता का खामियाजा देश भुगत रहा है।’ उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा के एक बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए पार्टी नेतृत्व की आलोचना की थी।

कांग्रेस को नेशनल कॉन्फ्रेंस से समर्थन वापस लेने की सलाह भी दी थी

लक्ष्मण सिंह ने साथ ही जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर भी गंभीर आरोप लगाए थे और कांग्रेस को नेशनल कॉन्फ्रेंस से समर्थन वापस लेने की सलाह दी थी। इन बयानों को पार्टी ने अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी गतिविधि मानते हुए, गत माह नौ मई को लक्ष्मण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी की थी।

पार्टी ने 9 मई को लक्ष्मण सिंह को जारी की थी कारण बताओ नोटिस

उनका संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासन समिति की सिफारिश पर एआईसीसी ने निष्कासन का आदेश जारी किया। पत्र में कहा गया है कि लक्ष्मण सिंह की टिप्पणियों ने पार्टी की छवि और मर्यादा को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल लक्ष्मण सिंह के निष्कासन से मध्य प्रदेश कांग्रेस में हलचल मच गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना की है जबकि पार्टी के भीतर भी इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लक्ष्मण सिंह पूर्व में भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा चुके हैं, लेकिन बाद में फिर कांग्रेस में लौट आए थे। इस बार पार्टी से उनका निष्कासन संगठन में अनुशासन लागू करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code