Share Market : सेंसेक्स मामूली तेजी के साथ खुला, निफ्टी और मिडकैप-स्मॉलकैप में गिरावट

मुंबई, 19 नवंबर। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत सपाट रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में रहा, जबकि निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी शुरुआती दबाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 42.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,074.16 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 41.15 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,186.80 पर कारोबार कर रहा था।

  • मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी

बाजार के व्यापक सूचकांकों में भी शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 163.50 अंक यानी 0.27 प्रतिशत गिरकर 60,815.85 पर आ गया। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 22.65 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,308.95 पर कारोबार करता दिखा।

  • ऑटो और पीएसयू बैंक सेक्टर में तेजी

सेक्टरवार कारोबार की बात करें तो निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी इंडिया डिफेंस शुरुआती कारोबार के टॉप गेनर्स में शामिल रहे। इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी कंजम्प्शन इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी मेटल, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी एनर्जी में गिरावट दर्ज की गई।

  • सेंसेक्स के इन शेयरों में दिखी तेजी

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एसबीआई, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम, सन फार्मा, एलएंडटी और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, इन्फोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, टाइटन, एचयूएल, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, टीसीएस और पावर ग्रिड के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

  • ज्यादातर एशियाई बाजार लाल निशान में

वैश्विक बाजारों से भी भारतीय शेयर बाजार को मिलेजुले संकेत मिले। एशिया के ज्यादातर प्रमुख बाजारों में गिरावट के साथ कारोबार हुआ। शंघाई, हांगकांग, ताइपे, बैंकॉक और सोल के बाजार लाल निशान में रहे, जबकि टोक्यो में तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स में 1.11 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

  • एफआईआई निवेश और कंपनियों की कमाई से बाजार को सहारा

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ओर से लगातार हो रहा निवेश और कंपनियों की बेहतर कमाई बाजार को मजबूती दे रहे हैं। दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इस महीने अब तक एफआईआई का निवेश 94,299 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती को भी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

जानकारों का कहना है कि बाजार में वैल्यूएशन भी धीरे-धीरे अपने औसत स्तर की ओर लौट रहे हैं। कम वैल्यूएशन वाले लार्जकैप शेयरों में सुधार देखने को मिल रहा है, जबकि व्यापक बाजार में जरूरत से ज्यादा ऊंचे वैल्यूएशन का दबाव कम हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह रुझान आगे भी जारी रह सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular