Site icon Revoi.in

100 करोड़ वसूली के मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख गिरफ्तार

Social Share

मुंबई, 2 नवम्बर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को धन शोधन मामले में 13 घंटे से अधिक समय की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार ईडी ने इससे पहले देशमुख को पांच समन जारी किया था। देशमख सोमवार को ईडी के समक्ष पेश हुये। पूछताछ के दौरान वह ईडी का पूरी तरह सहयोग नहीं कर रहे थे और सवालों के जवाब देने में टालमटोल कर रहे थे। उन्हें रात में करीब डेढ़ बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह की तरफ से भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाने के बाद श्री देशमुख ने इस वर्ष अप्रैल में राज्य के गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

इसी मामले में 15 दिन पहले देशमुख और उनके परिवार की 4.2 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया गया था। इसमें नागपुर का एक फ्लैट और पनवेल की एक जमीन शामिल है। इसी मामले में देशमुख के PA संजीव पलांडे और PS कुंदन शिंदे को अरेस्ट किया था, दोनों फिलहाल केंद्रीय एजेंसी की कस्टडी में हैं।

यह मामला देशमुख पर लगे वसूली के आरोपों से जुड़ा है। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने करीब ढाई महीने पहले राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे एक पत्र में आरोप लगाया था कि अनिल देशमुख ने ही मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वझे को हर महीने 100 करोड़ रुपए की वसूली का टारगेट दिया था।