पटना, 7 मई। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। गुरुवार को राजधानी पटना में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार सहित 32 विधायकों ने पद व गोपनीयता कीशपथ ली।
पिछली सरकार में सम्राट संग डिप्टी सीएम रहे विजय कुमार सिन्हा के अलावा निशांत कुमार, दिलीप जयसवाल, श्रवण कुमार, राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह ‘टाइगर’, अशोक चौधरी और लेशी सिंह आदि ने मंत्री के रूप में शपथ ली।
नीतीश की विरासत संभालेंगे निशांत
मंत्रिमंडल विस्तार का सर्वाधिक उल्लेखनीय तथ्य यह रहा कि निशांत कुमार अब सक्रिय रूप से बिहार सरकार के साथ जुड़ गए हैं। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट निशांत की राजनीति में एंट्री तब हुई, जब नीतीश कुमार ने बिहार में मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा का सदस्य बनने का फैसला किया।
#LIVE : बिहार की धरती पटना से विकास, विश्वास और सुशासन के नए अध्याय का शुभारंभ…
देश के यशस्वी माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित मंत्रिमंडल विस्तार समारोह!#NDA4Bihar https://t.co/uuMQR7iSn1
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 7, 2026
दरअसल,जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेताओं और कार्यकर्ताओं की यह इच्छा थी कि वे निशांत को सरकार में देखें, लेकिन उन्होंने शुरू में कोई भी पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, क्योंकि वे एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाना चाहते थे।
इन विधायकों ने भी ली शपथ
मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य विधायकों में मदन सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सदा, कुमार शैलेंद्र, शीला कुमार, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेंद्र कुमार रौशन भी शामिल हैं।
समारोह में पीएम मोदी और गृह मंत्री भी रहे मौजूद
गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा सांसद और बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
#NDA4Bihar pic.twitter.com/MTjM2GOFfA
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 7, 2026
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद भाजपा के नेतृत्व में बिहार में पहली बार सरकार बनी और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ जदयू के बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी उप मुख्यमंत्री बने। बिहार एनडीए में भाजपा और जदयू के अलावा लोजपा (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।

