उपचुनाव : मैनपुरी लोकसभा सीट और 5 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर 5 दिसम्बर को मतदान

नई दिल्ली, 5 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पांच राज्यों – ओडिशा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में उपचुनावों की तारीख की घोषणा कर दी है। इनमें मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के अलावा पांच विधानसभा सीटें शामिल हैं। इन सभी सीटों पर पांच दिसम्बर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 दिसम्बर को होगी, जब हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट के अलावा ओडिशा के पदमपुर, राजस्थान के सरदारशहर, बिहार के कुरहानी, छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर (एसटी) और उत्तर प्रदेश के रामपुर में मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों में उप-चुनावों में ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग करने का निर्णय लिया गया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के तीन बार के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले मुलायम सिंह यादव के गत 10 अक्टूबर को निधन के बाद से मैनपुरी संसदीय सीट खाली पड़ी है। मुलायम सिंह यादव ने जब राष्ट्रीय राजनीति का रुख किया तो 1996 में मैनपुरी से लोकसभा चुनाव जीते थे। बाद में उन्होंने आजमगढ़ संसदीय सीट पर भी जीत हासिल की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular