Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : पेसरद्वय प्रफुल्ल हिंगे व साकिब हुसैन का स्वप्निल पदार्पण, SRH ने RR का अजेय क्रम तोड़ा

Social Share

हैदराबाद, 13 अप्रैल। उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सोमवार की रात दो युवा पेसरों – प्रफुल्ल हिंगे (4-34) व साकिब हुसैन (4-24) के स्वप्निल पदार्पण से आलोकित हो उठा। इन गेंदबाजों के ही पराक्रम का परिणाम था कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 57 रनों की जबर्दस्त जीत से न सिर्फ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) की अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे राजस्थान रॉयल्स (RR) का अजेय क्रम तोड़ा वरन खुद लगातार दो पराजयों के बाद घरेलू मैदान पर शानदार वापसी की।

प्रफुल्ल ने डेब्यू मैच में ही आईपीएल के रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज करा लिया

दरअसल, विदर्भ (नागपुर) के 24 वर्षीय प्रफुल्ल ने तो डेब्यू मैच में ही आईपीएल के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कर लिया, जब उन्होंने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट झटक लिए। आईपीएल के 19 वर्षों के इतिहास में ऐसा करिश्माई प्रदर्शन करने वाले वाले वह एकमात्र गेंदबाज बने।

ईशान किशन की तूफानी पारी से हैदराबाद ने बनाए थे 216 रन

इसमें कोई शक नहीं कि पहले बल्लेबाजी पर बाध्य एसआरएच ने कप्तान ईशान किशन की तूफानी पारी (91 रन, 44 गेंद, छह छक्के, आठ चौके) से छह विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। यह पारी किसी भी आम रात सुर्खियां बटोरने के लिए पर्याप्त होती। लेकिन हिंगे के सनसनीखेज शुरुआती ओवर ने सारी लाइमलाइट छीन ली।

प्रफुल्ल ने पहले ही ओवर में वैभव, जुरेल व प्रियोरियस को लौटा दिया

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रफुल्ल ने अब तक विस्फोटक अंदाज दिखाने वाले वैभव सूर्यवंशी को पारी के पहले ही ओवर में ‘गोल्डन डक’ (बिना कोई रन बनाए पहली ही गेंद पर आउट) पर पैवेलियन भेज दिया। फिर चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल (0) और छठी गेंद पर दक्षिण अफ्रीकी लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (0) को भी मायूस कर दिया।

3 ओवरों में 9 रनों के भीतर राजस्थान की आधी टीम लौट चुकी थी

लेकिन इस बड़े मंच पर अपने आगमन को यादगार बनाने वाले हिंगे अकेले नहीं थे। उनके साथ ही डेब्यू करने वाले बिहार के 21 वर्षीय पेसर साकिब हुसैन ने दूसरे ओवर में यशस्वी (एक रन) की विदाई कर दी तो तीसरे ओवर में हिंगे ने कप्तान रियान पराग (चार रन) को आउट करने के साथ राजस्थानी खेमे को सदमे में डाल दिया। ऐसा क्यों न होता, नौ रनों पर आधी टीम जो लौट चुकी थी और यहीं मैच का नतीजा भी तय हो गया था।

फरेरा व जडेजा की शतकीय भागीदारी हिंगे व साकिब के सामने निरर्थक

हालांकि इसके बाद डोनोवान फरेरा (69 रन, 44 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) व रवींद्र जडेजा (45 रन, 32 गेंद, पांच चौके) ने 72 गेंदों पर 118 रनों की साझेदारी से रॉयल्स की गाड़ी खींचने की भरपूर कोशिश की। लेकिन लक्ष्य तब तक बहुत दूर जा चुका था।

स्कोर कार्ड

अंततः हुसैन ने 15वें ओवर में फरेरा को लौटाकर भागीदारी तोड़ी और तीन गेंद बाद ईशान मलिंगा (2-31) ने जडेजा की विदाई की तो फिर राजस्थानी पारी ज्यादा दूर नहीं जा सकी और 19 ओवरों में 159 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार देखा जाए तो डेब्यू करने वाले दोनों गेंदबाजों ने 58 रन देकर आपस में आठ विकेट झटकने के साथ राजस्थान रॉयल्स को मायूसी से भर दिया।

पहली हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स शीर्ष पर

फिलहाल पांच मैचों में पहली पराजय के बावजूद राजस्थान रॉयल्स आठ अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं हैदराबादी टीम पांच मैचों में दूसरी जीत के सहारे चार अंक लेकर मौजूदा सत्र में अब इकलौते अपराजेय दल पंजाब किंग्स (चार मैचों में सात अंक) व गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (चार मैचों में छह अंक) के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

किशन के अलावा क्लासेन, नीतीश व सलिल ने भी दिखाए तेज हाथ

इसके पूर्व एसआरएच की पारी देखें तो किशन की आतिशी पारी के अलावा हेनरिच क्लासेन (40 रन, 26 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) और फिर स्लाग ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी (28 रन, 13 गेंद, चार छक्के) व सलिल अरोड़ा (नाबाद 24 रन, 13 गेंद, दो छक्के, दो चौके) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से स्कोर 210 के पार पहुंच गया।

किशन ने हेड व क्लासेन संग कीं तेज अर्धशतकीय भागीदारियां

हालांकि अभिषेक शर्मा (0) पारी की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर (2-34) के शिकार हो गए। लेकिन किशन ने उतरते ही रफ्तार पकड़ ली। उन्होंने ट्रैविस हेड (18 रन, 18 गेंद, तीन चौके) के साथ 40 गेंदों पर 55 रन जोड़े। सत्र का दूसरा पचासा जड़ने वाले किशन ने इसके बाद क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों पर 88 रनों की एक और तेज साझेदारी कर दी। अंत में नीतीश व सलिल ने टीम को अभेद्य लक्ष्य प्रदान कर दिया।

मंगलवार का मैच : चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (चेन्नई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version