Site icon hindi.revoi.in

डीके शिवकुमार 3 जून को लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ, ‘ग्लास हाउस’ में होगा शपथ-ग्रहण समारोह

Social Share

बेंगलुरु, 29 मई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार तीन जून को बेंगलुरु में कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। यह घटनाक्रम तीन वर्षों तक चली सत्ता की जबर्दस्त खींचतान के बाद सीएम सिद्धारमैया के पद से इस्तीफा देने के अगले दिन सामने आया है।

शिवकुमार शनिवार को चुने जाएंगे विधायक दल के नेता

इसके पूर्व शनिवार की शाम कांग्रेस विधायक दल (CLP) की यहां बैठक होगी, जिनमें शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगा। बैठक में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी शामिल होंगे। इस बैठक में सीएलपी सबसे पहले सिद्धारमैया की सेवाओं की सराहना करेगा। इसके बाद औपचारिक रूप से शिवकुमार को नया नेता चुना जाएगा।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में आयोजित किया जाएगा। उम्मीद है कि इस समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्रिमंडल के सहयोगी, पार्टी कार्यकर्ता और पूरे कर्नाटक से आए समर्थक शामिल होंगे।

64 वर्षीय शिवकुमार की नियुक्ति, सिद्धारमैया के दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ विचार-विमर्श के बाद मुख्यमंत्री पद से हटने के दूसरे दिन हुई है। इस सत्ता-हस्तांतरण को पार्टी नेतृत्व द्वारा तैयार की गई नेतृत्व व्यवस्था के एक हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रियंका ने ही आगे बढ़ाई डीके की दावेदारी

दरअसल, प्रियंका गांधी के साथ डीके के संबंध काफी सौहार्दपूर्ण हैं। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी ने ही शिवकुमार की दावेदारी को मजबूती से आगे बढ़ाया था। दो साल पहले हुए लोकसभा चुनावों के दौरान वायनाड में प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार में शिवकुमार ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था।

5 अन्य के साथ शपथ लेंगे डीके शिवकुमार

सरकारी सूत्रों के अनुसार शिवकुमार के साथ पांच अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। पार्टी बाद में मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला लेगी। यह फैसला जातियों और क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाने के साथ ही राजनीतिक निष्ठाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक चर्चा के बाद लिया जाएगा।

Exit mobile version